मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में तीन दिन पहले एक बच्ची के साथ उसके करीबी रिश्तेदार द्वारा दुष्कर्म करने और उसके बाद बच्ची के आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची के माता-पिता इस मामले को पुलिस के पास ले जाने के बजाए पंचायत के माध्यम से सुलझाना चाहते थे। इस बात से व्यथित होकर बच्ची ने कुएं में कूद कर आत्महत्या कर ली थी।
नागलवाडी थाना पुलिस सूत्रों ने बताया कि कमोदवाड़ में दुष्कर्म पीड़ति बच्ची द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में आरोपी मुगला को आज दोपहर गिरफ्तार कर लिया गया। मुगला (50) और उसकी दोनों पत्नियों से इस बारे में पूछताछ की जा रही है। आरोपी ने 26 सितम्बर को जंगल में बकरियां चराने गई अपनी करीबी रिश्तेदार 12 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया था।
बच्ची ने घर पहुंचकर इस बारे में मां को बताया, जिसके बाद उसके माता-पिता ने ये मामला पंचायत में सुलझाने का फैसला किया। पंचायत में होने वाली बदनामी के डर से बच्ची ने अगले दिन सुबह गांव में ही स्थित एक कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। पंचायत बैठाने की तैयारियों के दौरान ही घटनाक्रम का पता चला और बच्ची की लाश बाहर निकाल कर पुलिस को सूचित किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



