भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में शाहीन बाग में पिछले 39 दिन से चल रहे धरना-प्रदर्शन पर लोगों को हो रही मुश्किलों पर चिंता जताते हुए सवाल किया है कि क्या ये जायज है?
मनोज तिवारी ने बुधवार को ट्वीट कर कहा, ‘‘39 दिन हो गए। शहीन बाग के कारण यातायात ठप, लाखों लोग परेशान, बच्चे परीक्षा के समय भी 2-2 घंटे सड़कों पर बर्बाद कर रहे हैं। ऑफिस जाने वालों को परेशानी, व्यापारियों को नुकसान। क्या ये जायज है?’’
39 दिन हो गए शहीन बाग के कारण यातायात ठप्प, लाखों लोग परेशान
•बच्चे परीक्षा के समय भी २-२ घंटे सड़कों पे बर्बाद कर रहे है
•ऑफ़िस जाने वालों को परेशानी
•व्यापारियों को नुक़सानक्या ये जायज़ हैं?@ArvindKejriwal & @RahulGandhi
— Manoj Tiwari (@ManojTiwariMP) January 22, 2020
गौरतलब है कि मंगलवार को दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने शाहीन बाग के प्रदर्शनकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और उनसे प्रदर्शन खत्म करने की अपील की। उपराज्यपाल ने प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल से कहा कि इससे स्कूली बच्चों, मरीजों और आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
एक अधिकारी ने बताया कि आठ सदस्यों वाले प्रतिनिधिमंडल ने संशोधित नागरिकता कानून को वापस लिए जाने समेत कई मांगों का एक ज्ञापन उप राज्यपाल को सौंपा। जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के निकट और शाहीन बाग में पिछले करीब एक महीने से हजारों लोग सीएए और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



