नई दिल्ली : प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री केजरीवाल पर जनता द्वारा उठाए जा रहे सवाल रखे। इस दौरान आम आदमी पार्टी के दावों की पोल खोलते हुए एक वीडियो और ट्वीट को दिखाया गया। इस वीडियो में टूटी सड़कें, जलजमाव के कारण सड़कों पर कीचड़, जान जोखिम में डालकर खुली नालियों को पार करते स्कूली बच्चों को दिखाया गया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि क्या केजरीवाल ने मान लिया है कि उनके पास उनकी सरकार से पूछे जा रहे सवालों का कोई जवाब नहीं है? केजरीवाल सवालों से क्यों भाग रहे हैं? हम केजरीवाल को दिल्ली सरकार का हिसाब-किताब देने पर मजबूर कर देंगे, उन्हें दिल्ली की जनता के सवालों के जवाब देने ही होंगे। जनता द्वारा किए गए सवालों में से अब से दस दिनों तक प्रतिदिन एक सवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री से हम पूछेंगे।
उन्होंने कहा कि आज एक बार फिर ये साबित हो गया है कि केजरीवाल के पास बताने के लिए अपनी सरकार का कोई काम नहीं है। उनके पास दिल्ली की जनता के किसी सवाल का कोई जवाब नहीं है। पांच साल बाद भी वो अपनी सरकार के बारे में बात करने और सवालों से भाग रहे हैं। ये काम करने वाली सरकार नहीं ये कारनामों वाली ‘झाडू सरकार” है। तिवारी ने कहा कि सच्चाई को छिपाने के लिए केजरीवाल इधर-उधर की बात कर रहे हैं, न पानी की बात करते हैं, न बस की बात, न प्रदूषण की बात कर रहे हैं, न कॉलेज, फ्लाईओवर और सड़कों की बात करते हैं।
दिल्ली सरकार के किसी भी काम की बात करने से बचने के लिए मुख्यमंत्री केजरीवाल छिपने की जगह तलाश रहे हैं। तिवारी ने आगे दिल्ली सरकार पर एमसीडी के बकाया फंड के आंकड़ों का ब्यौरा देते हुए कहा कि एसडीएमसी को 7712 करोड़, पूर्वी दिल्ली नगर निगम को 1938 करोड़ और उत्तरी दिल्ली नगर निगम को दिल्ली सरकार द्वारा 3763 करोड़ दिया जाना है।


Download Android App
Download iOS App



