उत्तर-पूर्वी दिल्ली में खजूरी फ्लाईओवर के नजदीक डकैती और लूटपाट के कई मामलों में आरोपी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले पुलिस और उसके बीच मुठभेड़ भी हुई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। आरोपी की पहचान रोहताश चौहान के रूप में की गयी है जो करावल नगर में मुकुंद विहार का निवासी है।
पुलिस के अनुसार रोहताश मुथुट फाइनेंस में डकैती और सनलाइट कालोनी में लूटपाट सहित कई अन्य मामलों में संलिप्त रहा है। पुलिस ने बताया कि पिछले साल 28 अगस्त को उसने अपने साथियों धूम सिंह, गौतम और दिनेश के साथ मिलकर सनलाइट कालोनी क्षेत्र में आईपी पार्क के पास एक नकदी एजेंट से 18 लाख रूपये लूट लिए थे।
पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) पी एस कुशवाह ने बताया कि खजूरी फ्लाईओवर के नजदीक मंगलवार को रात में करीब 11 बजे गढ़ी मेंडू अंडरपास के नजदीक पुलिस टीम और रोहताश के बीच मुठभेड़ हुई। उन्होंने बताया कि रोहताश द्वारा चलायी गयी गोली विशेष प्रकोष्ठ दल के कांस्टेबल द्वारा पहनी गयी बुलेट प्रूफ जैकेट पर जा लगी। रोहताश ने अपनी पिस्तौल से तीन राउंड गोली चलायी जबकि पुलिस दल ने जवाब में आठ राउंड गोलीबारी की।


Download Android App
Download iOS App



