पूर्वी दिल्ली : लाके में स्थित एक नाले से एक एमबीए स्टूडेंट की लाश मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान एलेक्स कुरियाकोस जॉर्ज (24) के तौर पर हुई है। गत एक जनवरी को वह घर से पार्टी में जाने की बात कहकर घर से निकला था। जांच के बाद पुलिस को मृतक के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नही मिले हैं। जिस कारण आशंका जताई जा रही है कि नाले में गिरकर डूबने से उसकी मौत हुई है।
वहीं डीसीपी ईस्ट जसमीत सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, एलेक्स परिवार सहित न्यू अशोक नगर की वसुंधरा एंक्लेव के एक अपार्टमेंट में रहता था। वह मूलरूप से केरल का रहने वाला था। इसके परिवार में पिता कुरियाकोस जॉर्ज, मां व अन्य परिजन हैं। एलेक्स आईपी यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई कर रहा था।
बुधवार शाम वह परिजनों को दोस्तों के यहां न्यू ईयर की पार्टी करने जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसके दोस्तों से पड़ताल की तो पता चला कि वह देर रात घर के लिए निकल गया था। उसका मोबाइल भी लगातार बंद आ रहा था। परेशान होकर परिजनों ने दो जनवरी को न्यू अशोक नगर थाने में एलेक्स की गुमशुदगी दर्ज करा दी।
इस बीच शुक्रवार सुबह लोगों ने इलाके में स्थित नाले में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकालकर मोर्चरी भिजवाया। बाद में परिजनों ने शव की पहचान एलेक्स के रूप में की। पुलिस ने शुक्रवार शाम को ही पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार के हवाले कर दिया। इकलौते बेटे की मौत के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।


Download Android App
Download iOS App



