हंगामे की भेंट चढ़ी स्टैंडिंग कमेटी की आखिरी बैठक, सत्या शर्मा ने ‘आप’ पार्षदों पर साधा निशाना

Summary :

MCD Standing Committee Meeting: दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की सोमवार को आयोजित बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। बैठक के दौरान हुए व्यवधान को लेकर स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने आम आदमी पार्टी के पार्षदों की कड़ी आलोचना करते हुए उनके आचरण पर गंभीर सवाल उठाए हैं। सत्या शर्मा ने कहा कि बैठक के दौरान जिस तरह से आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने हंगामा किया, वह लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और संस्थागत मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस तरह का रवैया न केवल निगम की कार्यप्रणाली को प्रभावित करता है, बल्कि…

MCD Standing Committee Meeting: दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की सोमवार को आयोजित बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। बैठक के दौरान हुए व्यवधान को लेकर स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा ने आम आदमी पार्टी के पार्षदों की कड़ी आलोचना करते हुए उनके आचरण पर गंभीर सवाल उठाए हैं। सत्या शर्मा ने कहा कि बैठक के दौरान जिस तरह से आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने हंगामा किया, वह लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और संस्थागत मर्यादाओं के खिलाफ है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस तरह का रवैया न केवल निगम की कार्यप्रणाली को प्रभावित करता है, बल्कि जनहित के कार्यों में भी बाधा डालता है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के पार्षदों का यह व्यवहार नया नहीं है।

विपक्ष में आने के बाद भी वही रवैया

सत्ता में रहते हुए भी उन्होंने निगम के कामकाज को सुचारु रूप से नहीं चलने दिया और अब विपक्ष में आने के बाद भी वही रवैया जारी है। शर्मा ने कहा कि इस तरह की राजनीति से आम जनता को मिलने वाली सुविधाएं प्रभावित होती हैं। स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने कहा कि बैठक के दौरान आप पार्षदों ने जानबूझकर गैर-जरूरी मुद्दे उठाकर कार्यवाही में बाधा डाली, जिससे एजेंडे में शामिल अहम विषयों पर चर्चा नहीं हो सकी। खासतौर पर नौ सदस्यों के सेवानिवृत्त होने से जुड़े प्रस्ताव पर भी कोई निर्णय नहीं हो पाया, जो एक जरूरी प्रशासनिक प्रक्रिया थी। उन्होंने बताया कि बैठक को सुचारु रूप से चलाने के लिए करीब एक घंटे तक पार्षदों को शांत कराने की कोशिश की गई, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

नियमों के तहत कार्यवाही आगे बढ़ाने का प्रयास

इसके बाद नियमों के तहत कार्यवाही आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया, लेकिन कुछ पार्षदों के उग्र रवैये के कारण माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए अंततः बैठक को स्थगित कर दिया गया। सत्या शर्मा ने जानकारी दी कि अब स्थायी समिति की अगली बैठक मंगलवार को दोपहर 1 बजे आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि निगम पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार का व्यवधान जनहित के कार्यों को प्रभावित नहीं करने दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने आम आदमी पार्टी के पार्षदों से जिम्मेदारी निभाते हुए सकारात्मक सहयोग करने की अपील की, ताकि दिल्ली के नागरिकों के हित में कार्य प्रभावी ढंग से पूरे किए जा सकें।

Also Read: घरेलू विवाद में पति ने गैस सिलेंडर से पीट-पीटकर की पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Kajal Yadav

काजल यादव पत्रकारिता में पिछले 2 वर्षों से सक्रिय हैं। वास्तु, ट्रैवल , वायरल, हेल्थ और लाइफस्टाइल के अलावा आद्यात्मिक खबरें लिखना पसंद करती हैं। रामा विश्वविद्यालय (कानपुर) से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद दीनार टाइम्स (कानपुर) से पत्रकारिता की शुरुआत करते हुए बत्तौर 'सोशल मीडिया' संभालने से लेकर 'वॉइस ओवर' के रूप में काम किया। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। कानपुर में जन्म लेने वाली काजल की शिक्षा उनके गृह जिले में ही हुई है।