शहर के सेक्टर 12 स्थित मेट्रो अस्पताल भवन में गुरुवार को लगी भीषण आग की मजिस्ट्रेटी जांच शुक्रवार को शुरू हो गई। जांच को लेकर अस्पताल की दूसरी मंजिल को सील कर दिया गया है। घटना की जांच कर रहे नगर मजिस्ट्रेट शैलेन्द्र मिश्रा ने जनता से आह्वान किया है कि घटना के संबंध में किसी के पास कोई भी सूचना हो तो वह प्रशासन से साझा करे। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे 17 फरवरी तक उनके कार्यालय में अपना लिखित या मौखिक पक्ष रख सकते हैं।
घटना की जांच 15 दिन में पूरी कर जिलाधिकारी को रिपोर्ट प्रेषित कर दी जाएगी। नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि अस्पताल के द्वितीय तल को जांच के मद्देनजर सील कर दिया गया है। जांच के दौरान टीम वहां जाकर आग लगने के कारण तथा अग्निशमन सुरक्षा के अन्य मानकों व इंतजामों की भी व्यापक जांच करेगी। इसके अलावा अग्निशमन विभाग भी अपने स्तर से जांच करेगा।
अग्निशमन विभाग के उपनिदेशक अमन शर्मा ने गुरुवार को फायर सेफ्टी तथा मानकों को लेकर मेट्रो अस्पताल की जांच के आदेश दिये थे। इस दौरान एनओसी तथा फायर सेफ्टी सिस्टम व उपकरणों के बाबत भी जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि अस्पताल ने वर्ष 2017 से फायर एनओसी का नवीनीकरण नहीं कराया है।


Download Android App
Download iOS App



