Minor Girl Raped in Murthal: सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के रंजीत नगर इलाके में रहने वाली एक किशोरी को अगवा कर मुरथल के एक होटल में ले जाकर दुष्कर्म की वारदात सामने आई है। पुलिस ने इस बाबत केस दर्ज कर समयपुर बादली निवासी मोहन जायसवाल (35) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पकड़े जाने के बाद एक और चौकाने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी मोहन केएन काटजू मार्ग एरिया में भी दुष्कर्म की वारदात में शामिल रहा है। वह इस मामले में 10 साल से फरार था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपी को आईएसबीटी कश्मीरी गेट से गिरफ्तार किया है। वह बिहार भागने का प्रयास कर रहा था। डीसीपी (सेंट्रल) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि गत चार अप्रैल को किशोरी के परिजनों ने रंजीत नगर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
अपहरण की धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू
पुलिस ने अपहरण की धारा में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। अगले ही दिन किशोरी जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के पास से मिल गई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह अपने एक दोस्त से मिलने के लिए घर से निकली थी। रास्ते में बुलेट बाइक सवार एक युवक उसे बहला फुसलाकर मुरथल के एक होटल में ले गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। मेडिकल रिपोर्ट में किशोर के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई। पुलिस ने किडनैपिंग की धाराओं के साथ एफआईआर में पॉक्सो व दुष्कर्म की धारा भी जोड़ दी। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए मेट्रो स्टेशन से मुरथल तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। आरोपी की बुलेट बाइक का नंबर मिला। उसके आधार पर पुलिस बाइक मालिक के पास पहुंची तो उसने बताया कि मोहन जायसवाल नाम का दोस्त उसकी बाइक लेकर गया था।
आरोपी के खिलाफ पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस मोहन के घर समयपुर बादली पहुंची तो वह फरार मिला। टीम उसकी तलाश करते हुए गत 10 अप्रैल को आईएसबीटी कश्मीरी गेट पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया। वह बिहार भागने की फिराक में था। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं।इसमें वर्ष 2016 में आरोपी ने इसी तरह एक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी इस मामले में लगातार फरार चल रहा था। अदालत ने उसे भगोड़ा भी करार दिया हुआ था।


Download Android App
Download iOS App




