Manohar Lal Reviewed The Progress : केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने शनिवार को भलस्वा लैंडफिल साइट का निरीक्षण कर पुराने कचरे के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर डंपसाइट को पूरी तरह साफ करने के लिए कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही लैंडफिल साइट पर प्रतिदिन पहुंचने वाले ताजे कचरे की वैज्ञानिक प्रोसेसिंग तेज करने पर भी जोर दिया, ताकि भविष्य में कचरे का नया ढेर न बनने पाए। निरीक्षण के दौरान एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार, अतिरिक्त आयुक्त अरुण मिश्रा और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि 31 जुलाई 2026 तक भलस्वा डंपसाइट से 99.07 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का निस्तारण किया जा चुका है। शेष पुराने कचरे के ढेर को 15 अक्टूबर 2026 तक पूरी तरह हटाने की उम्मीद है। वहीं, मार्च 2026 तक एकत्र हुए समूचे कचरे के निस्तारण का लक्ष्य 31 दिसंबर 2026 निर्धारित किया गया है।
समीक्षा के दौरान मनोहर लाल ने कहा कि पुराने कचरे को हटाने के साथ-साथ वर्तमान में लैंडफिल पर पहुंच रहे कचरे का वैज्ञानिक तरीके से तत्काल प्रसंस्करण भी उतना ही जरूरी है।
उन्होंने हाल ही में सौंपे गए ताजे कचरे की प्रोसेसिंग संबंधी कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए, जिससे कचरे के निस्तारण की गति बढ़ सके और भविष्य में डंपसाइट पर नए कचरे का दबाव कम किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कचरा प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया समयबद्ध और वैज्ञानिक तरीके से संचालित की जाए। इससे न केवल पुराने कचरे के पहाड़ को समाप्त करने में मदद मिलेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।
अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि पुराने कचरे के निस्तारण का कार्य तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रहा है और निर्धारित समयसीमा के भीतर भलस्वा लैंडफिल साइट को पूरी तरह साफ करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न कार्यों की प्रगति का मौके पर जायजा लिया और अधिकारियों को नियमित निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की प्राथमिकता दिल्ली के पुराने लैंडफिल स्थलों का समयबद्ध निस्तारण और आधुनिक वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करना है।



Download Android App
Download iOS App




