पश्चिमी दिल्ली : पार्किंग के साथ नजफगढ़ तक मेट्रो सुविधा का इंतजार कर रहे हजारों लोगों को अभी दो साल और इंतजार करना होगा। हालांकि शुक्रवार से नजफगढ़ तक मेट्रो की सुविधा शुरू हो जाएगी। नजफगढ़ के दिल्ली गेट स्थित मेट्रो स्टेशन पर पार्किंग की सुविधा उपलब्ध नहीं करवाई गई है। पार्किंग की सुविधा ढांसा स्टैंड स्थित मेट्रो स्टेशन पर होगी जो दिसंबर 2020 तक बन कर तैयार होगा।
ऐसे में वह लोग जो नजफगढ़ के दूर दराज गांव व कॉलोनियों में रहते हैं और देर रात वापस लौटते हैं उन्हें अपने वाहन को खड़ा करने के लिए द्वारका मोड़ मेट्रो स्टेशन पर ही निर्भर रहना होगा। बता दें कि नजफगढ़ विधानसभा में 28 से अधिक गांव हैं। इसके अलावा सैकड़ों की संख्या में अनधिकृत काॅलोनियां हैं।
इसमें हजारों लोग रहते हैं जो रात 10 बजे के बाद मेट्रो के माध्यम से वापस घर लौटते हैं। रात के समय गांव व दूर दराज के क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन की उचित व्यवस्था नहीं है जिस कारण उन्हें अपना वाहन मेट्रो स्टेशन तक लाना पड़ता है।
मेट्रो परिसर में प्लास्टिक पर प्रतिबंध
दिल्ली मेट्रो परिसर में दो अक्टूबर से प्लास्टिक के उपयोग पर पूरी तरह से प्रतिबंधित होगा। मेट्रो परिसर में चल रहे दुकान व अन्य जगहों पर कोई भी दुकानदार ग्राहक को सिंगल यूज प्लास्टिक में सामान नहीं दे पाएगा। मेट्रो प्रवक्ता अनुज दलाय ने बताया कि मेट्रो प्रबंधन इस संबंध में सभी प्रासंगिक दिशा-निर्देशों समीक्षा कर रहा है। इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए डीएमआरसी सभी हितधारकों द्वारा अनुपालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेगा।
द्वारका-नजफगढ़ मेट्रो का उद्घाटन 4 को
द्वारका से नजफगढ़ के बीच यात्री शुक्रवार शाम पांच बजे से मेट्रो में सफर कर सकेंगे। 4 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ग्रे लाइन का उद्घाटन दोपहर साढ़े 12 बजे करेंगे। उसी दिन शाम पांच बजे से इस रूट पर यात्री सफर कर सकेंगे। मेट्रो प्रशासन ने बताया कि दिल्ली मेट्रो के द्वारका-नजफगढ़ कॉरिडोर का औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
बता दें कि स्टैंडर्ड गेज की 4.295 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में द्वारका (ब्लू लाइन से इंटरचेंज), नंगली और नजफ़गढ़ तीन स्टेशन हैं। इसमें 2.754 कि.मी. एलिवेटेड है और 1.541 किमी अंडरग्राउंड है। इस खंड के खुलने के बाद दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क बढ़कर 377 किमी हो जाएगा।
इसमें 274 स्टेशन (नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्वा लाइन को मिलाकर) लंबा हो जाएगा। मेट्रो की 326 ट्रेन में कुल 2006 कोच रोजाना लाखों यात्रियों को सुविधाएं दे रही है। नजफगढ़ तक मेट्रो सुविधा का विस्तार होने के बाद लाखों लोगों को फायदा होगा।


Download Android App
Download iOS App



