बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि मोदी सरकार ने गरीबों की धार्मिक पृष्ठभूमि देखे बिना उनके कल्याण के लिए काम किये हैं और उन राज्यों में कोई बड़ा सांप्रदायिक दंगा नहीं हुआ जहां उनकी पार्टी सत्ता में है। बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि उनकी पार्टी लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है चाहे वे किसी धर्म के हों।
अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अल्पसंख्यकों का देश के संसाधनों पर पहला अधिकार होने का दावा करने वालों ने उनके लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने तीन तलाक विधेयक पारित कराने की दिशा में मोदी सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह मुस्लिम महिलाओं को न्याय देने के लिए है।
शाह ने कहा कि मुस्लिम बच्चियों के स्कूल छोड़ने का प्रतिशत 72 से गिरकर 32 पर आ गया है। उन्होंने कहा ,मैं तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों से पूछना चाहता हूं, आपने दशकों तक शासन किया, आपने अल्पसंख्यकों के लिए क्या किया? बीजेपी सभी के विकास में विश्वास करती है जिसमें अल्पसंख्यक शामिल हैं।


Download Android App
Download iOS App




