आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने शनिवार को कहा कि राज्य में सभी दल गठबंधन में चुनाव लड़ते हैं लेकिन उनकी पार्टी ने अभी तक इस पर कोई फैसला नहीं लिया है।
हरदोई में आप के सदस्यता अभियान की शुरुआत करने पहुंचे पार्टी सांसद सिंह ने कहा, ‘‘राजनीति में लोग एक दूसरे से मिलते हैं, राजभर (सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर) से मुलाकात हुई है, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात हुई और उत्तर प्रदेश के हित में जो भी फैसला होगा वह हम लोग लेंगे।”
जिले में पार्टी कार्यालय के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत में आप सांसद ने कहा, ‘‘सरकार किसी एक जाति धर्म की नहीं होती। सरकार उत्तर प्रदेश की 24 करोड़ जनता की होनी चाहिए और प्रतिशोध से राजनीति नहीं होती है।”
उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ सबका विकास’ का नारा भारतीय जनता पार्टी का है लेकिन वह धरातल पर काम नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा एक जाति एक धर्म का हित होने से उत्तर प्रदेश का विकास नहीं होगा। उन्होंने सवाल किया कि उप्र की जनता देख रही है कि भाजपा क्या कर रही है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
राज्य में पंचायत चुनाव पर उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष नहीं हुए। अपहरण और गोलीबारी की घटनाएं हुई हैं, महिलाओं के कपड़े फाड़े जा रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर जिला पंचायतों और क्षेत्र पंचायतों के प्रमुखों के पद पर सीधे चुनाव होते तो लोग भाजपा को उसके कामों का मुंहतोड़ जवाब देंगे।’’


Download Android App
Download iOS App



