नोएडा में अब पानी (जल-सीवर) के बिलों का भुगतान मोबाइल ऐप से किया जा सकेगा। नोएडा अथॉरिटी की सीईओ रितु महेश्वरी ने सोमवार को जल ऐप लॉन्च किया। इस ऐप का फायदा करीब 84 हजार लोगों को मिल सकेगा। इसे गूगल ऐप के जरिए डाउनलोड किया जा सकेगा और उसके बाद लोग इसे इस्तेमाल कर सकते हैं। जल्द ही इस ऐप का आईओएस वर्जन भी लॉन्च होगा।
भुगतान की जानकारी उपभोक्ता को तुरंत मिल जाएगी
इस ऐप का इस्तेमाल करने के लिए लॉगइन करते वक्त अपना प्रॉपर्टी नंबर या प्रॉपर्टी पंजीकरण आईडी डालना होगा। इसके बाद उपभोक्ता को एक मोबाइल नंबर भी फीड करना होगा। इस नंबर पर ओटीपी आएगा जिससे सत्यापित करने के बाद ही ऐप का प्रयोग किया जा सकेगा। इस ऐप में लॉगिन होने के बाद पहले से किए गए बिल का भुगतान चालान और बकाया बिल का ब्यौरा उपभोक्ता को दिखाई देगा। ऐप में ऑनलाइन भुगतान के अलावा एनईएफटी, आरटीजीएस, डीडी के माध्यम से भुगतान के लिए चालान निकाला जा सकता है। ऐप के माध्यम से भुगतान की जानकारी उपभोक्ता को तुरंत मिल जाएगी।
नोएडा में पांच हजार वॉटर मीटर लगाए गए
रितु महेश्वरी ने बताया है कि नोएडा में पांच हजार वॉटर मीटर लगाए गए हैं। अब इनके बिल भी निकाले जाएंगे। हालांकि अब तक मीटर रीडिंग के अनुसार बिल नहीं निकल रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि इनके रेट आदि तय किए जा रहे हैं जिसके बाद बिल निकालने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके अलावा वॉटर मीटर से बिल निकालने के बाद एसएमएस के माध्यम से इसकी सूचना उपभोक्ता को मिल सके इसके लिए भी काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।


Download Android App
Download iOS App



