केजरी के ट्वीट पर भाजपा का पलटवार

Summary :

आप के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजधानी की नार्थ-वेस्ट सीट की उम्मीदवारी को लेकर भाजपा पर हमला बोला है।

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजधानी की नार्थ-वेस्ट सीट की उम्मीदवारी को लेकर भाजपा पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा पैराशूट उम्मीदवार हंसराज हंस को इस सीट पर उतारने से दिल्ली के दलित समुदाय के लोग भाजपा से बहुत नाराज हैं। दिल्ली में एक मात्र दलित सीट है और वहां भाजपा पंजाब से किसी को लाकर लड़ा रही है। क्या भाजपा को दिल्ली के दलितों में से कोई भी ऐसा नहीं मिला जो टिकट देने लायक हो? क्या भाजपा की नजरों में दिल्ली का कोई भी दलित सांसद बनने लायक नहीं।

उन्होंने कहा कि दलित अपने इस अपमान का बदला भाजपा से अवश्य लेंगे। वहीं केजरीवाल पर पलटवार करते हुए दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि एक ऐसा व्यक्ति जो हंसराज हंस जी को गाली देता है। पूरे वाल्मीकि समाज का अपमान करता है और उनका अपमान करते हुए मुसलमान समाज का भी अपमान करता है। गौतम गंभीर का भी अनादर करता है। रमेश बिधूड़ी का अनादर करता है। क्या एक व्यक्ति को इतने सारे लोगों और समाज का अनादर करने का कोई अधिकार है ? तिवारी ने आगे कहा कि हमें पता है की ऐसे बयान अरविंद केजरीवाल की हार की बौखलाहट हैं।

ऐसे इंसान से आप और क्या अपेक्षा करेंगे? उन्होंने दिल्ली की जनता से आग्रह किया कि इसका जवाब अरविंद केजरीवाल को 12 मई को जरूर दे। केजरीवाल और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी के बीच हुए इस टिवटर वार में तिवारी के सेनापति भी कूद गये। प्रदेश भाजपा के महामंत्री राजेश भाटिया ने केजरीवाल एवं आम आदमी पार्टी पर करारा वार करते हुए कहा कि केजरीवाल को दलितों के नाम पर घड़ियाली आंसू नहीं बहाने चाहिए।

साढ़े चार में इन्होंने दलितों के लिए क्या किया है? अपनी ही पार्टी के विधायक संदीप कुमार स्वयं केजरीवाल की आलोचना कर चुके हैं। भाटिया ने कहा कि भाजपा ने दलितों ही नहीं बल्कि समाज के हर वर्ग के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि भीमराव अंबेडकर इन्टरनेशन सेन्टर के लिए भाजपा के कार्यकाल में ही जगह दी गई। हमने सत्ता में रहते हुए भी दलितों की आवाज उठायी और जब हम विपक्ष में थे तब भी दलितों के लिए लड़ाई लड़ी।

Desk Team