नई दिल्ली : जैसे-जैसे दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखे आगे बढ़ती जा रही हैं वैसे-वैसे राजधानी में राजनीतिक दलों का एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाने का सिलसिला तेज हो गया है। इस क्रम में भाजपा ने भी संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) को लेकर जामिया में भड़की हिंसा का एक वीडियो जारी कर आम आदमी पार्टी (आप) पर पलटवार किया है।
दिल्ली भाजपा ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का एक वीडियो जारी किया है। इसमें सीएम केजरीवाल को आप का खलनायक बताया गया है। भाजपा ने अनिल कपूर की फिल्म ‘नायक’ के कुछ हिस्सों को फोटो शॉप पर एडिट करते हुए इस वीडियो को ट्वीट किया है। इसमें खास बात यह है कि भाजपा ने ‘नायक’ फिल्म के एडिट हुए इस हिस्से में जामिया में सीएए को लेकर हुई हिंसा को चित्रों और वीडियो के माध्यम से दिखाया गया है।
भाजपा ने फिल्म के उस हिस्से को ट्वीट किया है, जिसमें अनिल कपूर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने अमरीश पुरी का इंटरव्यू लेते हैं। वीडियो में अमरीश पुरी के चेहरे की जगह पर अरविंद केजरीवाल का चेहरा जोड़ा गया है। साथ ही फिल्म के अन्य कैरेक्टर्स की जगह पर डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के साथ-साथ आप के अन्य नेताओं के चेहरे को दिखाया गया है। अनिल कपूर द्वारा पूछे गए प्रश्नों को एडिट कर जामिया में भड़की हिंसा को दिखाया जाता है। इस वीडियो में भीड़ को बसों में आग लगाते हुए देखा जा सकता है।
साथ ही आप विधायक को सीएए प्रोटेस्टर के बीच भाषण देते हुए देखा जा सकता है। दरअसल यह वीडियो आप द्वारा शनिवार को जारी उस वीडियो का जवाब माना जा रहा है जिसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी की भोजपुरी फिल्मों की कुछ क्लीपिंग को जोड़कर कर उन्हें आप द्वारा चुनाव प्रचार के लिए बनाये गये नारे ‘लगे रहे केजरीवाल’ पर डांस करते हुए दिखाया गया है। इस सांग में तिवारी के साथ उनके कई साथी कलाकार भी हैं। इस गाने के साथ ट्वीट में यह भी लिखा गया कि ‘लगे रहो केजरीवाल’ गाना इतना अच्छा है कि खुद मनोज तिवारी भी इस पर नाच रहे हैं।
केजरीवाल को मानहानि का नोटिस
भाजपा ने इस पर संज्ञान लेते हुए अरविंद केजरीवाल को मानहानि का कानूनी नोटिस भेजकर 500 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की है। साथ ही भाजपा के लॉ डिपार्टमेंट की ओर से इस बारे में चुनाव आयोग से शिकायत भी की गई। दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि झूठ की मशीन कहे जाने वाले आप के मुखिया अरविंद केजरीवाल के झूठ का पर्दाफाश हो गया है।
मेरी फिल्मों और गानों की क्लिपिंग और तस्वीरों को एडिट कर आप के गाने पर लगाकर केजरीवाल अपने ओछेपन का सबूत दे रहे हैं। अपने थीम सॉन्ग पर मेरी फोटो लगाकर प्रसारित करने का हक आप को किसने दिया? क्या केजरीवाल को ये नहीं पता कि व्यावसायिक तौर पर आप किसी की फोटो को बिना उसकी अनुमति के इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं?
उन्होंने कहा कि केजरीवाल विधानसभा चुनाव में अपनी हार को देखते हुए इतने बौखला गए हैं कि अपने विज्ञापन के लिए अब वो बच्चों, मजदूरों, महिलाओं के फोटो और वीडियो का भी इस्तेमाल कर रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



