नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बार-बार कहते हैं कि हमारे देश के हर नागरिक को पूरी शक्ति है। हमें (शासन-प्रशासन) को उनकी सुविधा का ख्याल रखते हुए काम करना है। उन्हें ऐसे किसी काम के लिए परेशान न होना पड़े, जिस पर उनका अधिकार है। इस उद्देश्य के साथ मोदी जी का संकल्प लगातार साकार हो रहा है। जनता को सरल और पारदर्शी तरीके से घर बैठे सरकारी सुविधाएं मिल रही हैं। इसी को गुड गवर्नेंस कहते हैं। उक्त बातें दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं उत्तर-पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने यमुना विहार में पहला पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र कार्यालय (पीओपीएसके) का यमुना विहार वर्धमान कॉम्प्लेस में उद्घाटन करते वक्त कहीं। इस मौके पर विधायक जगदीश प्रधान, ईडीएमसी के चेयरमैन प्रमोद गुप्ता, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी हितेश जे. राजपाल, पोस्ट ऑफिस के पीओपीएसके एलएन शर्मा, डीसीपी डॉ. अजीत कुमार सिंगला आदि सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।
मनोज तिवारी ने कहा कि यमुना विहार में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय खुल जाने से यहां के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। पहले उन्हें पासपोर्ट के लिए आईटीओ, शालीमार बाग, आरके पुरम आदि जगहों के चक्कर काटने पड़ते थे। मगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के संकल्प देश में गुड गवर्नेंस पर काम करते हुए भारत सरकार में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने पासपोर्ट बनाने की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में जो काम किया वह सराहनीय है। अब लोगों को पासपोर्ट के लिए ऑनलाइन आवेदन करना है। जरूरी दस्तावेज देने हैं। अपॉइंटमेंट मिलने के बाद अपने स्थानीय पोस्ट ऑफिस के पासपोर्ट केंद्र आना है।
जिसके बाद पासपोर्ट बनकर पोस्ट ऑफिस खुद आपके घर पहुंचा देगा। इस मौके पर हितेश राजपाल ने कहा कि वर्ष 2016 में पांच लाख लोगों ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया था। वहीं 2017 में छह लाख लोगों ने अप्लाई किया। उन्होंने बताया कि बुधवार को देशभर में 18 इस तरह के केंद्र खोले जाएंगे। इसमें दिल्ली में जनकपुरी, पटपड़गंज के पीआेपीएसके भी शामिल हैं। इसके अलावा एक मार्च को नेहरू प्लेस पोस्ट ऑफिस में पासपोर्ट सेवा केंद्र का उद्घाटन किया जाएगा।
अधिक जानकारियों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



