नई दिल्ली : आप सरकार ने बिजली के मुद्दे पर लेकर भाजपा पर हमला बोला है। भाजपा को निशाने पर लेते हुए दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि भाजपा के लोग बिजली के दामों को लेकर दिल्ली में तो प्रदर्शन करते हैं, लेकिन जहां भाजपा सरकारें है वहां जनता का शोषण करते हैं। उत्तर प्रदेश जहां भाजपा की सरकार है, वहां वर्तमान में जो बिजली के दाम हैं, वह दिल्ली की तुलना में बहुत अधिक हैं।
बावजूद योगी सरकार बिजली के दामों को और 25 प्रतिशत बढ़ाने जा रही है। उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि उन्हें सूचना मिली है कि यूपी सरकार ने विभाग को लिखा है कि नोएडा सहित पूरे उत्तर प्रदेश में बिजली के दामों में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी जाए।
भाजपा के जो लोग दिल्ली में सस्ती बिजली होने के बाद भी यहां विरोध-प्रदर्शन करते हैं, वे लोग उत्तर प्रदेश में सरकार के विरोध और प्रदेश की जनता के समर्थन में प्रदर्शन करें। क्योंकि यहां पहले ही बिजली इतनी महंगी है और योगी सरकार इसमें भी 25 प्रतिशत की और बढ़ोतरी करने जा रही है।
यूपी और दिल्ली के दामों में अंतर
सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली में 200 यूनिट तक का मूल्य एक रुपए प्रति यूनिट है, जबकि इसकी तुलना में उत्तर प्रदेश में 150 यूनिट तक 4.90 रुपए प्रति यूनिट है। डेढ़ सौ यूनिट से ऊपर 300 यूनिट तक 5.40 रुपए प्रति यूनिट मूल्य है। तो वहीं दिल्ली में 200 यूनिट तक के लिए एक रुपए मूल्य है, वही उत्तर प्रदेश में 200 यूनिट होने पर 5.40 रुपए दाम हैं। दिल्ली में 400 यूनिट तक 2.50 प्रति यूनिट मूल्य है, जबकि उत्तर प्रदेश में 400 यूनिट तक का मूल्य 6.20 रुपए है।


Download Android App
Download iOS App



