राष्ट्रीय राजधानी के आम खरीदारी व खाने पीने के लिए मशहूर बाजार कनॉट प्लेस में नयी दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी) की पैदल चलने वालों की सुविधा के लिए बनाए नए नियमों से वाहनों की पार्किंग की समस्या में रविवार को इजाफा देखा गया और इससे यहां बनी दुकानों में कम ग्राहक पहुंचने से व्यापारियों में रोष व्याप्त हो गया।
अपने परिवार के साथ यहां खाने खाने पहुंची श्रद्धा गुप्ता ने बताया कि जो लोग मेट्रो से आते हैं उनके लिए यह व्यवस्था ठीक है लेकिन एक ब्लॉक से दूसरे ब्लॉक तक वे जाएंगे कैसे। उन्हें तो पैदल ही जाना पड़ेगा।
निपूनिका शाहिद को इस नए नियम के चलते अपनी कार को काफी दूर बने शिवाजी स्टेडियम में खड़ी करके आना पड़ा। उन्होंने कहा कि समूचे इनर सर्किल को ब्लॉक कर दिया गया है और मिडिल सर्किल में पार्किंग को लेकर बहुत अव्यवस्था है। उन्हें शिवाजी स्टेडियम में गाड़ी खड़ी करके वापस कनॉट प्लेस आना पड़ा है।
लोकप्रिय यूनाईटेड कॉफी हाउस के प्रतिनिधि ने बताया कि आम तौर पर ग्राहकों को कम से कम आधे घंटे का इंतजार करना पड़ता था। पर रविवार को बहुत कम ग्राहक पहुंचे हैं।
नयी दिल्ली ट्रेडर्स ऐसोसिएशन के कोषाध्यक्ष विनय बहल ने बताया कि नयी व्यवस्था के कारण नियमित ग्राहक भी दुकानों तक नहीं पहुंच सके।
एक व्यापारी अमित गुप्ता ने बताया कि ग्राहकों की आमद 85-90 फीसदी गिर गई है। इससे कारोबार में गिरावट आई है।
शनिवार को एनडीएमसी ने मॉक ड्रिल करके नयी ट्रैफिक व्यवस्था की परख की थी।
जनवरी 2017 में तत्कालीन शहरी विकास मंत्री एम वैंकेया नायडू ने इस विचार को सामने रखा था जिसे बाद में एनडीएमसी ने लागू किया।


Download Android App
Download iOS App



