Patel Nagar Stabbing: सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती, मंदिर में शादी और फिर पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिरकार खून खराबे तक पहुंच गया। पटेल नगर इलाके में एक महिला ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवक से शादी की, लेकिन शादी के कुछ समय बाद पैसों और आपसी मतभेद को लेकर रिश्ते बिगड़ गए। इसके बाद महिला ने अपने पुराने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति पर चाकू से जानलेवा हमला करवा दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी पहचान पटेल नग निवासी पीड़ित की पत्नी लक्ष्मी (24) और बलजीत नगर निवासी करण (22) के तौर पर हुई है।
अस्पताल से मिली सूचना
पुलिस के अनुसार, घायल युवक अपने पिता के साथ सुनार की दुकान पर बैठता है। 24 मार्च को आरएमएल हॉस्पिटल से पटेल नगर थाना पुलिस को चाकू मारने की घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने घायल युवक को बयान देने के लिए अनफिट घोषित कर दिया। शुरुआत में घायल युवक की पत्नी लक्ष्मी ने पुलिस को बताया कि उसके पति पर पार्क में खाना लेने जाते समय 2-3 अज्ञात लोगों ने हमला किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और पूछताछ के दौरान महिला के बयान में अंतर सामने आया, जिससे पुलिस को उस पर शक हुआ।
डीसीपी रोहित राजवीर सिंह ने बताया कि आरोपियों को एसीपी पेटल नगर सुनील कुमार की देखरेख में एसएचओ नवीन कुमार के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर अनुज, महेश, हेड कांस्टेबल योगेश, कांस्टेबल राजकुमार, भूपेंद्र, शुभम और महिला कांस्टेबल सुशीला की टीम ने आरोपियों को पकड़ा है सख्ती से पूछताछ करने पर महिला ने सच्चाई बता दी। उसने बताया कि उसने अपने प्रेमी करण के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। पुलिस जांच में सामने आया कि लक्ष्मी और करण एक-दूसरे को पिछले 2-3 साल से जानते थे और दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध थे।
लालच में आकर सुनार के बेटे से रचाई शादी
इसके बावजूद लक्ष्मी ने बेहतर आर्थिक स्थिति को देखते हुए सुनार के बेटे से शादी कर ली थी। शादी के बाद पति-पत्नी के बीच पैसों के लेन-देन, खर्च और अन्य बातों को लेकर अक्सर झगड़े होने लगे। इसी बीच लक्ष्मी ने फिर से अपने प्रेमी करण से संपर्क किया और पति को धमकाकर अपनी जिंदगी से निकालने की योजना बनाई। घटना वाले दिन लक्ष्मी ने करण को घर बुलाया। किसी बात को लेकर बहस हुई, जिसके बाद करण ने युवक पर चाकू से चार वार कर दिए और मौके से फरार हो गया।
वारदात के बाद दोनों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए अज्ञात बदमाशों द्वारा हमले की झूठी कहानी बना दी, लेकिन पुलिस जांच में पूरा मामला खुल गया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी करण को गाजीपुर फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया। महिला लक्ष्मी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल युवक को अस्पताल में इलाज चल रहा है।





















