पटना : उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने बताया कि सरदार पटेल की मूर्ति निर्माण के लिए पूरे देश के साथ बिहार के सभी 42 हजार गांवों से 2013 में जो मिट्टी और लोहा एकत्र कर भेजा गया था वह मूर्ति बन कर तैयार है जिसका उद्घाटन 31 अक्तूबर को गुजरात में नर्मदा के किनारे बनेे सरदार सरोवर के निकट किया जायेगा। प्रधानमंत्री के आह्वान पर सरदार पटेल की जयंती 31 अक्तूबर को पूरे देश के साथ बिहार के सभी प्रखंडों में भाजपा सामाजिक संगठन व संस्थाओं को साथ लेकर एकता के लिए दौड़ ‘रन फाॅर यूनिटी’ का आयोजन करेगी।
श्री मोदी ने बताया कि सरदार पटेल की यह मूर्ति 182 मीटर उंच्ची है जो अमेरिका की ‘स्टेच्यू आॅफ लिबर्टी’ से करीब दोगुनी है। मूर्ति की नींव के स्तम्भ के नीचे सरदार पटेल के जीवन पर आधारित डिजिटल म्युजियम का निर्माण किया गया है तथा उसके अंदर से लिफ्ट के जरिए ऊपर जाने की सुविधा है। मूर्ति का निर्माण पिछले 3 वर्षों से 3 हजार मजदूर और ढाई सौ इंजीनियर दिन-रात काम करके पूरा किए हैं।
31 अक्तूबर से 30 नवम्बर तक बिहार के साथ ही देश के सभी राज्यों के लिए एक-एक दिन तय किया जायेगा जिस दिन उन राज्यों के सांसद, विधायक व बड़ी संख्या में आम लोग सरदार सरोवर जाकर देश की एकता के प्रतीक सरदार पटेल की भव्य मूर्ति को देख व उनके जीवन से प्रेरणा ले सकेंगे।
गुजरात सरकार ने घोषणा की है कि वहां सभी राज्यों को गेस्ट हाउस बनाने के लिए जमीन उपलब्ध करायी जायेगी ताकि अलग-अलग राज्यों से सालो भर वहां जाने वालों के लिए ठहरने की सुविधा उपलब्ध हो सके।


Download Android App
Download iOS App



