नई दिल्ली : दिल्ली में शुक्रवार को बेशक न्यूनतम तापमान अन्य दिनों के मुकाबले अधिक रहा, लेकिन ठिठुरन से लोगों का बुरा हाल रहा। दोपहर बारह बजे के बाद ही लोगों को धूप देखने को मिली, इससे पहले आसमान में छाए बादलों और हवा ने सर्दी की चुभन को बढ़ा दिया। सफदरजंग केन्द्र पर दृश्यता 300 मीटर रही तो वहीं पालम केन्द्र पर शून्य दृश्यता रही। दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान 18.4 और 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम रहा और गुरुवार के मुकाबले अधिकतम तापमान दो डिग्री कम रहा। आसमान में बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। आगामी सोमवार तक अधिकतम तापमान गिरकर 15 से 16 डिग्री सेल्सियस भी रह सकता है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो शुक्रवार का तापमान इस माह में सबसे अधिक और 16 दिसंबर के बाद 7 डिग्री से अधिक रहा है। 16 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री रहा था।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिमी भारत के हिस्सों में न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री बढ़ेगा, वहीं अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी। दिल्ली-एनसीआर में कोहरा छाया रहेगा। वहीं नए पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर पश्चिमी भारत में कुछ स्थानों पर बारिश और बौछार हो सकती है। मैदानी भागों में रात का तापमान दो से तीन डिग्री गिर सकता है।
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार शनिवार को दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में भारी वर्षा, गर्जन के साथ बौछार और ओले पड़ सकते हैं। इस दौरान तेज धूलभरी हवाएं भी चल सकती हैं। इसके बाद रविवार-सोमवार को भी बारिश की संभावना रहेगी और सोमवार तक घना कोहरा पड़ेगा। पांच और छह जनवरी को आसमान में बादल छाए रहेंगे।
प्रदूषण स्तर में मामूली गिरावट… प्रदूषण स्तर में उतार-चढ़ाव अभी भी जारी है। गुरूवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स के लगभग 450 पहुंचने के बाद शुक्रवार को इसमें लगभग सौ अंकों की गिरावट आई। शुक्रवार को दिल्ली का इंडेक्स लुढक़र 369 पर आ पहुंचा। पड़ोसी राज्यों के मौसम में हो रहे बदलाव के चलते एयर क्वालिटी इंडेक्स में गिरावट दर्ज की गई है।
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 386 दर्ज किया गया जबकि सफर के अनुसार 369 दर्ज किया गया। द्वारका, मुंडका और बवाना जैसी जगहों पर भी प्रदूषण स्तर में गिरावट दर्ज की गई।


Download Android App
Download iOS App



