नई दिल्ली : तीस हजारी कोर्ट में पेशी पर आया एक आरोपी मंगलवार को अदालत में पेश होने से पहले ही फरार हो गया। आरोपी को तिलक नगर पुलिस ने कुकर्म, अपहरण, जान से मारने की धमकी देने और पॉक्सो एक्ट के आरोप में गिरफ्तार किया था। सब्जी मंडी पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक तिलक नगर पुलिस ने नाबालिग की शिकायत मिलने पर आरोपी अभिषेक सक्सेना को गिरफ्तार किया था।
आरोप है कि उसने दो अन्य नाबालिगों की मदद से पीड़ित के साथ कुकर्म किया और उसके लिए उसका अपहरण भी किया। कुकर्म के बाद पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी गई। वारदात गत 15 अक्तूबर की बताई जा रही है, लेकिन शिकायत पुलिस को गत सोमवार को ही मिली। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी अभिषेक इलाके का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है जिसके विरुद्ध वाहन चोरी के आधा दर्जन से भी अधिक मामले दर्ज हैं। मंगलवार को जब अभिषेक को तिलक नगर थाने में तैनात एसआई बिपेश और एएसआई मांगेराम तीस हजारी कोर्ट लेकर पहुंचे तो आरोपी पुलिसकर्मियों का हाथ छुड़ाकर फरार हो गया। वारदात अदालत के कक्ष में घुसने से पहले की है।
रेप मामले में पेशी पर लाया गया आरोपी कचहरी से हथकड़ी समेत फरार
इसके बाद आरोपी की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी गई है। उधर पेशी पर साथ आए पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी विभागीय जांच शुरू हो रही है। अभिषेक के फरार होने के संबंध में सब्जी मंडी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी पश्चिमी जिले के रघुबीर नगर का रहने वाला है। वहीं आरोपी के सहयोगी नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है। इस संबंध में उत्तरी और पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त से जब फोन पर संपर्क किया तो बात नहीं हो सकी।


Download Android App
Download iOS App



