पूर्वी दिल्ली संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार गौतम गंभीर ने कहा है कि राजधानी की जनता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जिताने के लिए अपना मन बना चुकी है और 23 मई के बाद आम आदमी पार्टी (आप) का दिल्ली की राजनीति में अस्तित्व खत्म हो जायेगा। क्रिकेटर से राजनीति में कदम रखने वाले गंभीर ने शुक्रवार को चुनाव प्रचार के दौरान कहा ‘‘ मैं यह देखकर हतप्रभ हूं कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हों या पार्टी की पूर्वी दिल्ली की प्रत्याशी आतिशी मार्लेना दोनों अपना चुनाव प्रचार करने के बजाय मेरे संबंध में बोले और मेरे भविष्य के अनुबंधों पर बोलने में अधिक समय बर्बाद कर रहे हैं।’’
श्री गंभीर ने कहा श्री केजरीवाल का यह कहना कि साल में 240 दिन मैं विदेश में रहूंगा तब मुझे एहसास हुआ कि मुख्यमंत्री छह वर्ष से कितनी झूठ फरेब की राजनीति करते हैं।
उन्होंने कहा कि बेहतर होगा कि श्री केजरीवाल मेरे भविष्य को लेकर अंदाज लगाने की बजाय अपनी पार्टी पर ध्यान दें। भाजपा प्रत्याशी ने कहा ‘‘ दिल्ली की जनता अपना मन भाजपा के पक्ष में बना चुकी है और 23 मई के बाद आप का दिल्ली में अस्तित्व ही खत्म हो जायेगा।’’ उन्होंने कहा कि राजनीति में कदम रखते वक्त मैंने यह तय कर लिया है कि मेरा पूरा समय दिल्ली की जनता के लिए होगा। प्रचार के दौरान श्री गंभीर ने गाजीपुर में पदयात्रा के माध्यम से जनसंपर्क किया। उन्होंने शंकर नगर एक्सटेंशन में कार्यकताओं की बैठक को संबोधित करने के अलावा कोंडली विधानसभा क्षेत्र में रोड़ शो कर जनता से संपर्क साधा ओर यहां एक सभा को भी संबोधित किया।


Download Android App
Download iOS App



