वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा है कि दिल्ली में पिछले वर्षों की तुलना में प्रदूषण के स्तर में कमी आई है। उन्होंने लोकसभा में शुक्रवार को एक सवाल के जवाब में कहा कि मोदी सरकार में उठाए गए कई कदमों के कारण दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण रोकने में सफलता हासिल हुई है।
केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री प्रकाश जावडेकर ने लोकसभा में कहा, दिल्ली का वायु प्रदूषण एक गंभीर समस्या है। इस समस्या के निवारण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण कार्य किये गए हैं, जिनके परिणामस्वरूप दिल्ली में पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष प्रदूषण के स्तर में कमी आयी है। उन्होंने प्रदूषण रोकने की दिशा में केंद्र सरकार के कार्यों को गिनाते हुए कहा कि बदरपुर संयंत्र बंद किया गया है, पेरिफेरल एक्सप्रेस वे बनाने से हजारों ट्रकों की शहर में आवाजाही बंद हुई है और अन्य अनेक उपाय किये गये हैं।
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने कहा कि वायु प्रदूषण से व्यापक ढंग से निपटने के लिये राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीपीसी) तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से पांच सालों में 100 शहरों की वायु गुणवत्ता में सुधार करने का संकल्प लिया था। इसी के तहत राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम तैयार किया गया है। हर शहर में वायु गुणवत्ता में सुधार लाने के लिये योजना बनाई गई है और इस दिशा में कार्य चल रहा है।


Download Android App
Download iOS App



