दक्षिणी दिल्ली : एक ही प्रॉपर्टी को दो बैंकों के पास गिरवी रखकर बैंक से करोड़ों का लोन लेकर चम्पत होने जाने वाले एक दंपति के खिलाफ स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने शिकायत देते हुए दिल्ली पुलिस की ईओडब्ल्यू (इकोनॉमिक्स ऑफेंस विंग) के केस दर्ज कराया है। यह शिकायत संदीप गोस्वामी और उनकी पत्नी दिव्या गोस्वामी के खिलाफ दी गई है, जिन पर मे. सृष्टि फैशन क्रिएटर कम्पनी के नाम पर दोनों बैंकों से लाजपत नगर स्थित एक प्रॉपर्टी पर लोन लेकर धोखाधड़ी करने का आरोप है।
पुलिस ने मामले में शुरुआती जांच के बाद आरोपी दम्पति के खिलाफ आईपीसी की धारा 420/467/468/471/120बी के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की तरफ से ईओडब्ल्यू को शिकायत मिली थी, जिसमें बताया गया था कि गत 2012 में कनॉट प्लेस स्थित ब्रांच ने लाजपत नगर की कम्पनी सृष्टि फैशन क्रिएटर के बिजनेस पार्टनर दंपति संदीप और दिव्या ने कारोबार को बढ़ाने के लिए लोन की आवश्यकता बताते हुए आवेदन किया था। इसके लिए उन्होंने लाजपत नगर के ओल्ड डबल स्टोरेज मार्केट में स्थित अपनी प्रॉपर्टी को गिरवी रखा था।
बैंक ने शुरुआत में ढाई करोड़ रुपए का क्रेडिट दिया था, जिसे बाद में टर्म लोन में बदलकर दम्पति ने 3.25 करोड़ रुपये कुल लोन बैंक से स्वीकृत करा लिया। दावा है कि कुछ समय तक किस्त की रकम देने के बाद दम्पति ने रकम देना बंद कर दिया। कई बार किस्त की रकम के लिए बोलने के बाद भी जब जवाब आना बंद हो गया तो बैंक ने बची हुई 1 करोड़ 85 लाख 66 हजार 876 रुपए को एनपीए घोषित कर दिया। जिसके बाद बैंक की तरफ से लोन की रकम वसूलने की कवायद शुरु की गई।
इसमें बैंक को पता चला कि गिरवी रखी गई प्रॉपर्टी पहले से ही बैंक ऑफ इंडिया के पास लोन के लिए गिरवी रखी हुई है। दूसरे बैंक द्वारा दी गई लोन की किस्त भी दम्पति ने चुकाना बंद कर दिया था। बैंक की तरफ से मिली शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।


Download Android App
Download iOS App



