नई दिल्ली : केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने दक्षिणी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के बदरपुर में लवकुश चौक पर पहुंचकर गुरुवार को भाजपा के लिए प्रचार किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिल्ली में अनाप-शनाप आरोप लगाने वाली केजरीवाल सरकार ने एक भी वायदा पूरा नहीं किया है।
दिल्ली के लोगों की आंख में धूल झोंककर सत्ता में आए केजरीवाल ने लोगों से सिर्फ झूठ बोला। वहीं कांग्रेस राष्ट्रद्रोह खत्म करने की बात कहती है, लेकिन ‘हम सत्ता में आएंगे तो राष्ट्रद्रोह कानून को इतना सख्त बना देंगे की राष्ट्रद्रोह करने वालों का कलेजा कांप उठे।’
पीयूष गोयल ने किया व्यापारियों को संबोधित
भाजपा की ओर से करोलबाग और नेशनल क्लब में व्यापारियों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि कांग्रेस ने देश में मजबूर सरकार चलाई थी, इसलिए उसे मजबूत सरकार से बहुत परेशानी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 500 वस्तुओं पर जीएसटी कम किया है, ऑटो पार्ट पर भी जीएसटी कम करने पर विचार कर रही है।
सरकार ने बहुत लम्बी प्रक्रिया के बाद जीएसटी को व्यापारियों के हित में सरल बनाया है। गोयल ने कहा कि 2014 में जब नरेंद्र मोदी की सरकार आयी थी तो अर्थव्यवस्था बहुत खस्ता हाल में थी, लेकिन आज देश छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है।


Download Android App
Download iOS App



