Rekha Gupta Govt E-rikshaw Policy: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज यानी 8 फरवरी को रामलीला मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में राजधानी की जनता को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने सरकार की प्राथमिकताओं, भविष्य की योजनाओं और दिल्ली के विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक बनाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
Rekha Gupta Govt E-rikshaw Policy: जल्द लागू होगी नई ई-रिक्शा नीति
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार जल्द ही नई ई-रिक्शा पॉलिसी लागू करने जा रही है। इस नीति का उद्देश्य राजधानी की यातायात व्यवस्था को सुधारना और ट्रैफिक की समस्या को कम करना है। उन्होंने कहा कि इससे न सिर्फ सड़कों पर व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि हजारों लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे।

CM Rekha Gupta Govt Statement: मजबूत नेतृत्व और टीम वर्क का उदाहरण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंच पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं का जिक्र करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम मजबूत टीम और स्थिर सरकार का प्रतीक है। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह, कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, कपिल मिश्रा और रविंद्र इंद्राज की मौजूदगी को संगठन की मजबूती बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब नेतृत्व और टीम दोनों मजबूत हों, तभी विकास संभव होता है।
E-rikshaw policy in Delhi: 8 फरवरी बना दिल्ली के इतिहास का अहम दिन
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि 8 फरवरी 2025 दिल्ली के राजनीतिक इतिहास का महत्वपूर्ण दिन है। इसी दिन राजधानी की जनता ने 70 में से 48 सीटें देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को स्पष्ट बहुमत दिया। उन्होंने कहा कि यह जनादेश विकास, पारदर्शिता और ईमानदार शासन के लिए मिला है। जनता ने उस सरकार को चुना है जो सिर्फ वादे नहीं, बल्कि धरातल पर काम करने में विश्वास रखती है।

अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला
मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान कभी सादगी और संघर्ष का प्रतीक था, लेकिन बाद में सत्ता के दुरुपयोग का केंद्र बन गया। सीएम ने आरोप लगाया कि बीते 11 वर्षों में दिल्ली का विकास रुक गया और सत्ता को निजी संपत्ति समझने की सोच ने राजधानी को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि जनता ने 2025 में यह साबित कर दिया कि वह सत्ता देना भी जानती है और वापस लेना भी।
दिल्ली में विकास की नई शुरुआत
मुख्यमंत्री ने कहा कि 27 साल बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनी है और अब राजधानी में विकास की नई शुरुआत हो रही है। उन्होंने साफ कहा कि सत्ता उनके लिए सुख-सुविधा नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। सरकार का लक्ष्य दिल्ली को एक सुरक्षित, स्वच्छ और विश्वस्तरीय राजधानी बनाना है।

पर्यावरण और परिवहन पर बड़ा फैसला
पर्यावरण संरक्षण को लेकर मुख्यमंत्री ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि दिल्ली में 500 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जा रही हैं। इससे राजधानी में ईवी बसों की संख्या 4000 से अधिक हो जाएगी, जो देश में सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक बस फ्लीट होगी। सीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि इस साल के अंत तक 7500 और वर्ष 2028 तक 14,000 इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारी जाएं। इससे प्रदूषण में कमी आएगी और लोगों को सस्ती व बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।
यमुना, पानी और सीवर पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना की सफाई, पानी और सीवर की समस्याएं पिछली सरकारों से मिली बड़ी चुनौतियां हैं। मौजूदा सरकार इन मुद्दों को प्राथमिकता के साथ हल करने में जुटी है और आने वाले समय में दिल्ली को स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित राजधानी बनाया जाएगा।
यह भी पढ़ें: सोए रहे रात भर, जलता रहा चूल्हा, दिल्ली के जहांगीरपुरी में मोमो बनाते हुए गई 2 युवकों की जान




















