हमले से दस गुणा बड़ा होगा बदला : तिवारी

Summary :

हाथों में मोमबत्ती और आंखों में गुस्सा लिए इंडिया गेट की तरफ बढ़े। इस दौरान मनोज तिवारी ने कहा कि जितना बड़ा हमला था, उससे दस गुणा बड़ा बदला होगा।

नई दिल्ली : पुलवामा हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए शनिवार को दिल्ली प्रदेश भाजपा ने कैंडल मार्च निकाला। इसके लिए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता निर्माण भवन मेट्रो स्टेशन के पास इकट्ठे हुए और वहां से हाथों में मोमबत्ती और आंखों में गुस्सा लिए इंडिया गेट की तरफ बढ़े। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि जितना बड़ा हमला था, उससे दस गुणा बड़ा बदला होगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सुरक्षाबलों को खुली छूट दे दी है। वहीं सीआरपीएफ ने एक ही नारा दिया है कि न भूलेंगे और न ही छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि देश के बाहर और अंदर के दुश्मनों के खिलाफ लड़ाई में वे सेना के साथ खड़े हैं। महेश गिरी ने कहा कि अब समय आ गया है जब पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब देकर आतंकवाद को नेस्तानाबूद करना है।

उन्होंने कहा कि भारत सरकार के आतंकवाद के खिलाफ अभियान से बौखलाए पाकिस्तान ने अपने ताबूत में पुलवामा आतंकी हमला कराकर आखिरी कील ठोंक दी है। मीनाक्षी लेखी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आतंकवाद के लिए बदनाम हो चुका पाकिस्तान अब अलग थलग पड़ गया है और आत्मघाती हरकतें कर अपने पांव पर कुल्हाड़ी मारने का काम कर रहा है। अब समय आ गया है जब पाकिस्तान अपने द्वारा ही पाले गए आतंकवाद की चपेट में आकर अपना वजूद खो देगा।

कुलजीत चहल ने कहा कि पाकिस्तान की दोहरी नीति अब उस पर भारी पड़ेगी। भारत की सेना न सिर्फ आतंकवाद को मिटाने में सक्षम है बल्कि साजिशकर्ताओं को भी दंड देने की ताकत रखती है। उन्होंने कहा कि अब आतंकवाद का खात्मा निकट है। इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, उपाध्यक्ष जय प्रकाश और अभय वर्मा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Desk Team