सत्येंद्र जैन को कोर्ट से मिली जमानत, जानें किस मामले में मिली राहत

Summary :

दिल्ली के पूर्व जल मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन को राउज एवन्यू कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। गुरुवार को कोर्ट ने उन्हें दो लाख रुपये के मुचलके और इतनी ही राशि के दो जमानतदार पेश करने की शर्त पर जमानत दे दी है।

दिल्ली के पूर्व जल मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र कुमार जैन को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। राउज एवन्यू कोर्ट ने सत्येंद्र जैन को गुरुवार को जमानत दे दी है। कोर्ट ने जैन की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए उन्हें दो लाख रुपये के मुचलके और इतनी ही राशि के दो जमानतदार पेश करने की शर्त पर जमानत दी है। उन्हें दिल्ली सरकार की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) ने गिरफ्तार किया था।

ACB ने किया जमानत का विरोध

ACB ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि सत्येंद्र जैन आदतन अपराधी हैं। एजेंसी ने अदालत से जमानत पर फैसला लेते समय इस बात को ध्यान में रखने की अपील की। यह मामला मई 2024 में दिल्ली सरकार के सतर्कता निदेशालय की शिकायत पर दर्ज हुआ था। हालांकि, कोर्ट ने सत्येंद्र जैन को जमानत दे दी है और दो लाख रुपये के दो जमानतदार पेश करने का आदेश दिया।

कब हुए थे गिरफ्तार?

ACB ने 18 अगस्त 2026 की रात को सत्येंद्र जैन समेत कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया था। इसमें जैन समेत उदित प्रकाश राय, अंकित श्रीवास्तव, नागेंद्र यादव, राजा कुमार कुर्रा और पंकज वर्मा शामिल हैं। सत्येंद्र जैन की तरफ से पेश वकील मनिंदर सिंह ने उनकी गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताया था। उन्होंने कहा था कि गिरफ्तार करते समय रहते जैन की गिरफ्तारी की वजह नहीं बताई गई थी, जो सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों का उल्लंघन है।

किस मामले में गिरफ्तार हुए थे?

सत्येंद्र जैन को दिल्ली सरकार की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) द्वारा दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और टेंडर में घोटाले मामले में गिरफ्तार किया गया था। उन पर आरोप था कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के अपग्रेडेशन और टेंडर प्रक्रिया के दौरान तकनीकी शर्तों में हेरफेर किया गया था, जिससे एक खास निजी कंपनी को फायदा पहुंचाया जा सके और इससे सरकारी खजाने को नुकसान हुआ।

Also Read: हवा में पायलट की तबीयत बिगड़ी, दोहा-बेंगलुरु IndiGo फ्लाइट की मस्कट में इमरजेंसी लैंडिंग

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।