दिल्ली सरकार ने राजधानी में एक नवंबर से सभी कक्षाओं के स्कूल खोलने की अनुमति दे दी है। इसके अलावा छठ पूजा के आयोजन की भी अनुमति दी गई है। उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ऐलान किया है कि 1 नवंबर से दिल्ली में सभी क्लासों के लिए स्कूल खोल दिए जाएंगे।
मनीष सिसोदिया ने बताया कि डीडीएमए की बैठक में दिल्ली के निजी और सरकारी स्कूलों को सभी कक्षाओं के लिए कुछ शर्तों के साथ एक नवंबर से खोलने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि स्कूलों को ऑनलाइन पढ़ाई की भी व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। कोई भी स्कूल बच्चों को आने के लिए बाध्य नहीं कर सकता। स्कूल को सुनिश्चित करना होगा कि कक्षा में छात्रों की संख्या 50 फीसदी से अधिक नहीं हो।
कोरोना नियमों का पालन करते हुए छठ पूजा मनाने की अनुमति
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण दिल्ली में फ़िलहाल काबू में है, इसलिए स्कूलों को खोलने के साथ ही कोरोना गाइडलाइन का सख्ती से पालन करते हुए छठ पूजा भी मनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पहले से निर्धारित स्थानों पर कोरोना नियमों का सख्ती से पालन करते हुए छठ मनाई जाएगी। सीमित संख्या में लोगों को शामिल होने दिया जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘लोगों से अनुरोध है कि वे सभी कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें और मास्क पहनें… दिल्ली में कोविड की स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन हम सभी को सावधान और सतर्क रहना होगा।’’ सार्वजनिक जगहों पर छठ पूजा की इजाजत है लेकिन यमुना के घाट पर इसका आयोजन नहीं होगा। इसके लिए कुछ निर्दिष्ट सार्वजनिक स्थान तय किए जाएंगे।


Download Android App
Download iOS App



