Hazrat Nizamuddin Crime News : हजरत निजामुद्दीन और ओखला रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर रविवार रात युवक और युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर निवासी सागर (23) और शिवानी (20) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, रविवार रात रेलवे पुलिस को ट्रैक पर दो शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान युवक के पास मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान सागर के रूप में हुई, जबकि बाद में युवती की पहचान शिवानी के रूप में की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि सागर एक निजी इंश्योरेंस कंपनी में कार्यरत था। वह रविवार दोपहर घर से ड्यूटी पर जाने की बात कहकर निकला था। वहीं शिवानी 12वीं तक पढ़ाई कर चुकी थी और फिलहाल घर पर ही रहती थी। वह भी रविवार दोपहर घर से निकली थी।
बता दें कि इसके बाद दोनों से परिवार का संपर्क टूट गया। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी बीच दिल्ली पुलिस ने दोनों के परिजनों को हादसे की सूचना दी। सागर के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा चुका है, जबकि शिवानी के परिजनों के दिल्ली पहुंचने के बाद उसके शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। दोनों शव फिलहाल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखे गए हैं।
पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं, घटनास्थल से मिले साक्ष्य, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, रेलवे ट्रैक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और दोनों के परिजनों के बयान की जांच की जा रही है। जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह मामला प्रेम प्रसंग में आत्महत्या का है, किसी दुर्घटना का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।



Download Android App
Download iOS App




