Prashant Kishor BJP CM Change : बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में बड़ा उलटफेर करते हुए चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर जन सुराज पार्टी (JSP) के पहले विधायक बन गए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के गढ़ माने जाने वाले इस क्षेत्र में प्रशांत किशोर ने एकतरफा मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को 18,953 मतों के बड़े अंतर से शिकस्त दी।
मतगणना के दौरान प्रशांत को 63,203 वोट हासिल हुए, जबकि भाजपा उम्मीदवार 44,250 मत ही बटोर सके। वहीं राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता मात्र 14,085 वोटों पर सिमट गईं। लगातार बढ़त बनाते हुए पीके की इस जीत ने राज्य के दोनों प्रमुख सियासी दलों के वोट बैंक में सीधी सेंधमारी की है।
भाजपा-राजद के वोट बैंक में बड़ी सेंध
बांकीपुर सीट पर 31 चक्रों में हुई मतगणना में भाजपा उम्मीदवार केवल तीन बार ही प्रशांत किशोर से आगे निकल पाए। चुनाव नतीजों से साफ है कि जन सुराज ने सत्ताधारी भाजपा और विपक्षी राजद दोनों के पारंपरिक मतदाताओं को साधने में सफलता पाई है।
वोट शेयर के मामले में जन सुराज को 49.22 प्रतिशत मत मिले, जबकि भाजपा को 34.41 फीसदी और राजद को 10.96 प्रतिशत वोट से ही संतोष करना पड़ा। पिछले आम चुनाव के मुकाबले भाजपा के वोट शेयर में 28 फीसदी और राजद में 18 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। बाकी 22 प्रत्याशियों में से कोई भी हजार के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाया।
तीसरी कोशिश में मिली पहली चुनावी सफलता
नवंबर 2025 के विधानसभा चुनाव और उससे पहले के उपचुनावों में खाली हाथ रहने के बाद जन सुराज पार्टी की यह पहली चुनावी जीत है। प्रशांत किशोर ने पूरे प्रचार अभियान को मौजूदा सरकार के खिलाफ जनमत संग्रह के रूप में पेश किया था।
इस दौरान प्रशांत किशोर ने कहा, “बांकीपुर के चुनाव प्रचार में भी कहा था कि यह विधायक बनाने का उपचुनाव नहीं है। बल्कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को संदेश देने का चुनाव है कि बिहार में किसी अच्छे व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाइए। किसी अपराधी या गलत चरित्र वाले नेता को सीएम मत बनाइए। बांकीपुर के लोगों ने यह संदेश दे दिया है।”
यह भी पढ़ें – भरत तिवारी एनकाउंटर केस में बड़ा एक्शन: गोली मारने वाला STF जवान अक्षय कुमार गिरफ्तार



Download Android App
Download iOS App



