दिल्ली-एनसीआर में शनिवार शाम में भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.4 दर्ज की गई है। अभी कहीं से भी किसी के हताहत होने की खबरें नहीं आईं हैं।
जम्मू में भूकंप के जोरदार झटके
जम्मू संभाग के पुंछ जिले में भी भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए। भारतीय समयानुसार ये भूकंप शनिवार शाम 5 बजकर 34 मिनट और 44 सेंकेंड आया। शुरुआती जानकारी में भूकंप का केंद्र हिंदुकुश पर्वत क्षेत्र बताया जा रहा है। ये हिंदु कुश पर्वत माला मध्य अफगानिस्तान से उत्तरी पाकिस्तान तक फैली हुई है।
महाराष्ट्र में भूकंप के कारण ‘हाई अलर्ट’
वहीं, प्रशासन ने महाराष्ट्र में पालघर जिले के कई गांवों में हाल में आये भूकंप के कारण बढ़ते डर की भावना के बीच दो तालुक को हाई अलर्ट किया है और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) को राहत कार्य में शामिल किया है।
अधिकारियों के मुताबिक, प्रशासन दहानु और तलसारी तालुक के निवासियों का डर खत्म करने के लिए उन तक पहुंच रहे हैं और उनके लिए अस्थायी शिविरों का निर्माण कर रहे हैं। क्षेत्र में नवंबर से कम तीव्रता के भूकंप के झटके आ रहे हैं। सिर्फ शुक्रवार को ही रिक्टर पैमाने पर तीन और 4.1 की तीव्रता के बीच के कम से कम छह भूकंप के झटके आए। इसके कारण निवासियों में घबराहट का माहौल है।
प्रशासन ने दहानु और तलसारी तालुकों को हाई अलर्ट पर रखा
पालघर जिला कलेक्टर प्रशांत नरनावरे ने शनिवार को बताया, ‘‘प्रशासन ने दहानु और तलसारी तालुकों को हाई अलर्ट पर रखा है। ग्रामीणों को इसके बारे में जानकारी देने के लिए एनडीआरएफ की एक टीम पहुंच गई है।’’
उन्होंने बताया कि उप संभागीय अधिकारी ग्राम सेवकों और गांव के सरपंचों के साथ भूकंप आने के दौरान ग्रामीणों को क्या करने और क्या नहीं करने के बारे में बताने के लिए बैठकों का आयोजन कर रहे हैं। नरनावरे के मुताबिक, दोनों तालुकों में 42 स्थानों की पहचान की गई है जहां टेंट लगाए जाएंगे।


Download Android App
Download iOS App



