पूर्वी दिल्ली : पलवल की एक 19 वर्षीय युवती नौकरी की तलाश के लिए जा रही थी। एक दिन ऑटो में उसकी मुलाकात एक महिला से हुई, जिसने उसे नौकरी के लिए चमन भाटी नामक एक युवक का नंबर दिया और कहा कि ये तुम्हारी जॉब लगवा देगा। जब युवती उससे मिलने पहुंची तो युवक ने उसके साथ सिर्फ अपनी जिस्मानी भूख मिटाई और बदले में उसे एक हजार रुपए थमा दिए।
युवती का रेप करने के बाद उसे एक हजार रुपए देने की ये शर्मनाक घटना शाहदरा डिस्ट्रिक्ट के सीमापुरी इलाके से सामने आई है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराने के बाद उसे जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार जारी है। साथ ही शनिवार को उसके बयान पर रेप का केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसका फोन भी बंद है। पुलिस पीड़िता की तबीयत में सुधार आने पर उसका 164 का बयान कराएगी।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित युवती परिवार सहित पलवल में रहती है। कुछ दिनों से वह नौकरी की तलाश कर रही थी, तभी एक दिन आटो में उसकी मुलाकात बीना नामक महिला से हुई थी। उस महिला ने ही उसे चमन नामक शख्स का नंबर देकर कहा था कि तुम्हारी नौकरी लगवा देंगे। युवती फोन पर चमन के साथ संपर्क किया और गत शनिवार चमन ने युवती को नौकरी के बारे में बात करने के लिए दिलशाद गार्डन बुलाया था।
मेट्रो स्टेशन पर पहुंचकर युवती ने चमन को कॉल किया तब चमन ने युवती को दिलशाद कॉलोनी के एक पार्क के पास बुलाया। वहां से वह युवती को एक मकान में ले गया, जहां पहले से ही एक महिला मौजूद थी। उसने युवती को पानी दिया और हाथ मुंह धोने के लिए कहा। आरोप है कि जैसे ही वह हाथ-मुंह धोकर बाहर आई तो उसने चमन को अपने सामने अर्धनग्न पाया। यह देखकर युवती अपना बैग उठाकर वहां से बाहर आने लगी, लेकिन आरोपी ने उसका हाथ पकड़कर उसे बेड पर बैठा दिया।
इसके बाद जबरन युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। अपनी हवस मिटाने के बाद आरोपी ने युवती को एक हजार रुपए देकर कहा कि ये हमारे शारीरिक संबंधों के पैसे हैं और मौके से फरार हो गया। युवती ने मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी।
– कुणाल कश्यप


Download Android App
Download iOS App



