बाराती तैयार, कौन चढ़े घोड़ी पर : शिवराज

Summary :

शिवराज सिंह चौहान रविवार को रामलीला मैदान में दिल्ली प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा की विजय संकल्प रैली में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।

नई दिल्ली : भारत में गरीबों की शान हैं मोदी जी, भारत के सम्मान हैं मोदी जी, देश की नई पहचान हैं मोदी जी, हमारा मान हैं मोदी जी। इससे पहले जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे, तब विश्व में उनकी क्या पहचान थी। आज मोदी जी जहां भी जाते हैं मोदी-मोदी के नारे लगते हैं। ये 22 दल मिलकर क्या उनका सामना कर पाएंगे। चुनावी युद्ध का शंखनाद हो चुका है।

हमारा सेनापति तो तैयार है, लेकिन यह ऐसी सेना है जिसका सेनापति कौन है अभी तक पता नहीं। ऐसी बारात है जिसमें दूल्हा कौन है, इसका पता ही नहीं। ऐसे में बिना दुल्हे के घोड़ी कितना आगे जाएगी, इसका कुछ पता नहीं और अगर घोड़ी पर दो तीन बैठ गए तो घोड़ी दुल्हन तक पहुंच भी पाएगी या नहीं, इसका भी पता नहीं।

ये कहना है मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान का। शिवराज चौहान रविवार को रामलीला मैदान में दिल्ली प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा की विजय संकल्प रैली में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। रैली में कार्यकर्ताओं को जोश दिलाते हुए चौहान ने चुनाव को असाधारण बताते हए कार्यकर्ताओं से चुनाव तैयारी में पूरी तरह से उतर जाने का आह्वान किया।

महागठबंधन को जमकर आड़े हाथों लेते हुआ कहा कि कहीं की ईंट, कहीं का रोड़ा, भानुमती ने कुनबा जोड़ा। मोदी जी के डर से एक दूसरे को कोसने वाले हाथ मिलाकर खड़े हो रहे हैं। इन्होंने हाथ तो मिला लिया है, लेकिन दिल नहीं मिला है। एक कुनबा तब भी जुड़ा था, जिसमें से देवगौड़ा निकले थे। साल भर भी नहीं चल पाए। उसके बाद गुजराल आए।

ममता की रैली में शामिल दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ये सभी पानी पी-पी के एक दूसरे को गाली देने वाले हैं। ये क्या मोदी जी का सामना करेंगे। ये सभी अपने अपने राज्यों में भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड बनाने वाले हैं। मोदी जी ने भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने के लिए जो कदम उठाए, उससे चोरी करने वाले चौकीदार को ही चोर कहने लगे।

ईमानदारी के आंदोलन से जन्मी बेईमान पार्टी है आप
इस अवसर पर लोकसभा चुनाव के दिल्ली के सह प्रभारी जयभान पवैया ने आम आदमी पार्टी को घेरते हुए कहा कि ईमानदारी के आंदोलन से जन्मी बेइमान पार्टी का नाम है आम आदमी पार्टी। वहीं महागठबंधन पर हमला बोलते हुए उन्हें छुटभैया पार्टी बताया और उन्होंने चुनाव को सीता स्वयंवर से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि कुर्सी तो तिकड़म और भाग्य से जीती जा सकती है, लेकिन दिल नहीं जीता जा सकता है। कांग्रेस अध्यक्ष पर तंज कसते हुए उन्हें कंफ्यूज प्रोडक्ट बताया और विरोधियों के अच्छे दिन पर तंज का जवाब देने के लिए कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की योजनाओं को याद करने की नसीहत दी।

दिल्ली की सातों सीट भाजपा को जितवाओ
मध्यप्रदेश के चुनाव नतीजों पर बोलते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मामा को कमजोर मत समझना, वचन देता हूं कि मध्यप्रदेश में 29 में से 27 सीट जिताऊंगा, लेकिन मुझे भी वचन दो कि दिल्ली की सातों की सातों सीट भाजपा को जितवाओगे। वहीं मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार पर तंज कसते हुए उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार को लंगड़ी करार दे दिया। उनका कहना है कि पता नहीं कितना चलंे और कब गिर जाए। ऐसे लंगड़ी सरकार तो वो भी बना सकते थे।

कार्यकर्ताओं से नाराज हुए तिवारी
दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी वैसे तो अपने मृदुभाषा के लिए जाने जाते हैं, लेकिन रैली में कार्यकर्ताओं के व्यवहार ने उन्हें नाराज कर दिया। नेताओं के भाषणों के बीच लगातार नारेबाजी कर रहे कार्यकर्ताओं और भाषण के दौरान मैदान से वापस जा रहे कार्यकर्ताओं ने उन्हें इतना नाराज कर दिया कि उन्हें भी इन लोगों को बाद में देखने की बात कहनी पड़ी। इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी में जी जान से जुट जाने का आह्वान किया।

युवाओं पर नहीं चला जादू
दिल्ली प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा द्वारा रामलीला मैदान में आयोजित युवा विजय संकल्प रैली का भी वही हश्र हुआ, जो इससे पहले की दो रैलियों का हुआ था। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने तो पहले ही आयोजन से दूरी बना ली थी, वहीं जिन बड़े नेताओं को आना था, वह भी नहीं आए।

एक लाख युवा जुटाने का दावा करने वाली रैली के डेढ़ घंटे बाद शुरू होने पर भी मंच के सामने रखीं कुर्सियां भी नहीं भर पाईं और रैली उम्मीद से कम सफल रही। इसके अलावा जो आए भी उनका जोश इतना ठंडा था कि मंच से नेता नारे लगवाते रहे।

केजरीवाल की पहचान झूठ बोलने वाले की बन गई है : गोयल
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले युवा अन्ना के आंदोलन की वजह से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पसंद करते थे, लेकिन अब उनकी पहचान झूठ बोलने वाले की बन गई है। दिल्ली सरकार के नकारेपन की वजह से दिल्ली में स्लम, ट्रैफिक जाम और नशा बढ़ता जा रहा है।

पहले ये शीला दीक्षित को जेल भेजने की बात कहते थे, अब मेल की बात कहते हैं। अगर ये सत्ता में आए तो दिल्ली को बर्बाद कर देंगे। इसके लिए दिल्ली में कार्यकर्ताओं का संघर्ष करना जरूरी हो गया है। इसके साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता पवन शर्मा ने भी दिल्ली सरकार को जमकर कोसा। इस अवसर पर दिल्ली के सह प्रभारी तरुण चुघ, सांसद प्रवेश वर्मा, मिनाक्षी लेखी, महेश गिरी, डॉ. उदित राज और प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील यादव समेत कई बड़े नेता उपस्थित रहे।

Desk Team