राष्ट्रीय राजधानी में पांच महीने पहले हुए श्रद्धा मर्डर केस की गुत्थी दिल्ली पुलिस ने सुलझा ली है। कॉल सेंटर में काम करने वाली श्रद्धा की हत्या उसके लिव इन पार्टनर आफताब अमीन पूनावाला ने की। आरोपी ने श्रद्धा की हत्या कर शव के कई टुकड़े किए और बाद में दो-दो टुकड़ों को कई स्थानों पर फेंका। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर शवों के टुकड़ों को तलाशने की कोशिश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, श्रद्धा के पिता ने दिल्ली के महरौली थाने में बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी विकास मदान ने पुलिस को बताया कि वह परिवार सहित महाराष्ट्र के पालघर में रहते हैं। उनकी 26 साल की बेटी श्रद्धा मुंबई के मलाड में स्थित मल्टीनेशनल कंपनी के कॉल सेंटर में नौकरी करती थी।
विरोध के बाद श्रद्धा ने आफताब के साथ छोड़ा मुंबई
पिता के मुताबिक इसी कंपनी में श्रद्धा की मुलाकात आफताब अमीन नाम के लड़के से हुई। जल्द ही दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे और वे लिव-इन रिलेशन में रहना शुरू कर दिया। जब परिवार को श्रद्धा के इस रिश्ते के बारे में जानकारी हुई तो उन्होंने विरोध किया, परिवार के विरोध के बाद श्रद्धा आफताब के साथ मुंबई छोड़ दिल्ली आकर रहने लगी।
पिता ने बताया कि उनको बाद में पता चला कि उनकी बेटी महरौली के छतरपुर इलाके में रहती है। उन्होंने बताया कि किसी न किसी माध्यम से बेटी की जानकारी मिलती रहती थी। उन्हें फेसबुक पर अपलोड की गई फोटो से यह भी पता लगा कि श्रद्धा हिमाचल प्रदेश घूमने भी गई है, लेकिन उसके बाद से कोई सूचना नहीं मिली।
फोन नंबर पर भी संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन वह भी बंद आ रहा था। जिसके बाद किसी अनहोनी की आशंका होने पर वह 8 नवंबर को सीधे छतरपुर स्थित फ्लैट में गए जहां बेटी किराए पर रहती थी। वहां पर ताला बंद होने के बाद विकास ने महरौली थाने में पहुंचकर पुलिस को किडनैपिंग की सूचना दी और एफआईआर दर्ज कराई।
गला घोंटकर हत्या, आरी से 35 टुकड़ों में काटा शव
पुलिस ने मामला दर्ज कर तब जांच शुरू की और आफताब को गिरफ्तार कर लिया। आफताब ने बताया कि शादी करने को लेकर श्रद्धा अक्सर उस पर दबाव बनाती थी। इसी पर दोनों में विवाद होता रहता था, इसलिए 18 मई को झगड़ा हुआ तो उसने श्रद्धा की गला घोंटकर हत्या कर दी। फिर शव को आरी से 35 टुकड़ों में काटा और अलग-अलग तीन जगहों पर फेंक दिया। फिलहाल पुलिस की टीम आरोपी के बयान के आधार पर श्रद्धा की लाश के टुकड़े ढूंढने में लगी हुई है।


Download Android App
Download iOS App



