Delhi SIR News : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चल रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के कार्यक्रम में एक बार फिर संशोधन किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने 4 अगस्त को जारी आदेश के तहत मतदाताओं को गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) जमा करने के लिए अतिरिक्त समय देने का फैसला किया है। आयोग का कहना है कि पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।
बता दें कि संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर सत्यापन और गणना प्रपत्र एकत्र करने का कार्य 30 जून से 17 अगस्त तक चलेगा। इससे पहले यह प्रक्रिया 8 अगस्त तक निर्धारित थी। इसी के साथ मतदान केंद्रों के युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) का कार्य भी अब 17 अगस्त तक किया जाएगा।निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार प्रारूप मतदाता सूची (ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल) अब 24 अगस्त 2026 को प्रकाशित की जाएगी, जबकि पहले यह 17 अगस्त को जारी होनी थी।
वहीं, दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि अब 24 अगस्त से 23 सितंबर तक रहेगी। वहीं, दावों और आपत्तियों के निवारण की प्रक्रिया 24 अगस्त से 22 अक्टूबर तक चलेगी। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची 27 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी, जबकि पहले इसकी तिथि 19 अक्टूबर निर्धारित थी। निर्वाचन आयोग ने उन सभी मतदाताओं से भी अपील की है जिन्होंने अभी तक अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है कि वे बिना विलंब अपने संबंधित बीएलओ के पास प्रपत्र जमा कर दें, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज किया जा सके।



Download Android App
Download iOS App




