नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव का रुझान चाहे दोपहर तक स्पष्ट हो जाए, लेकिन उम्मीदवारों को परिणाम की आधिकारिक घोषणा के लिए अगले दिन तक इंतजार करना पड़ सकता है। ऐसे में स्वाभाविक है कि हार-जीत के नतीजे के लिए अगले दिन तक सभी उम्मीदवारों की दिलों की धड़कन बढ़ी रहे। दरअसल इस बार हर विधानसभा पर पांच वीवीपैट में एकत्रित पर्ची व ईवीएम का मिलान किया जाना है। प्रत्येक ईवीएम व वीवीपैट के मिलान में एक से दो घंटे का समय लगेगा।
ऐसे में हर विधानसभा में गिनती के दौरान आठ से दस घंटे का अतिरक्त समय लगने का अनुमान है। अमूमन शाम चार बजे तक चुनाव परिणाम की आधिकारिक घोषणा कर दी जाती है लेकिन इस बार अगले दिन सुबह तक इंतजार करना पड़ सकता है। इस संबंध में दिल्ली चुनाव आयोग के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रणबीर सिंह ने बताया कि वीवीपैट व ईवीएम मशीन के मिलान में कुछ अतिरिक्त समय लगेगा। यह आठ से दस घंटे का समय हो सकता है।
ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि देर रात या सुबह तक चुनाव परिणाम की आधिकारिक घोषणा की जाए। बता दें कि दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर 164 उम्मीदवार अपने भाग्य आजमा रहे हैं। इन सीटों के लिए रविवार को मतदान हुआ जिनकी गिनती 23 मई को होनी है। गिनती के दौरान हर लोकसभा में 50 वीवीपैट मशीनों में एकत्रित पर्ची व ईवीएम में डाले गए वोट का मिलान होगा।
लॉटरी माध्यम से होगा चयन… डॉ. रणबीर ने बताया कि लॉटरी के माध्यम से वीवीपैट का चयन किया जाएगा। जिन का चयन होगा उन पांच पोलिंग स्टेशनों के ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को अलग कर लिया जाएगा। इस दौरान सभी उम्मीदवारों के एजेंट के सामने वीवीपैट मशीनों की पर्चियों का ईवीएम में पड़े वोटों से मिलान किया जाएगा।
21 को ट्रेनिंग, अपडेट होगा सॉफ्टवेयर… दिल्ली की सात लोकसभा सीटों के चुनाव परिणाम की घोषणा के लिए 21 मई को अधिकारियों की ट्रेनिंग होगी। साथ ही सॉफ्टवेयर को भी अपडेट किया जाएगा। डॉ. रणबीर ने बताया कि दिल्ली में चुनाव परिणाम को बेहतर ढंग से घोषित करने के लिए तैयारियां पूरी हो गई है। 21 मई को अधिकारियों की ट्रेंनिग होगी। इस दौरान उन्हें सभी प्रकार की जानकारी दी जाएगी। साथ ही सॉफ्टवेयर को भी अपडेट किया जाएगा।
– राकेश शर्मा


Download Android App
Download iOS App



