देहरादून : उत्तराखंड में छात्र पुलिस कैडेट योजना लागू की जाएगी। पहले चरण में हर जिले के दो विद्यालयों में यह योजना लागू होगी। कक्षा 8 और 9 के 44 छात्र-छात्राओं को हर हफ्ते एक क्लास रूम प्रशिक्षण और दो आउटडोर प्रशिक्षण पुलिस द्वारा दिया जाएगा। इस बारे में गठित राज्य स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह की अध्यक्षता में सचिवालय में गुरुवार को हुई।
मुख्य सचिव ने कहा छात्र-छात्राओं को जागरूक बनाने के लिए यह योजना उपयोगी साबित हो सकती है। उन्हें ट्रैफिक के नियमों, ड्रग के दुष्परिणामों, स्वच्छता, स्व अनुशासन के प्रति जागरूक किया जा सकता है। उधर दूसरी तरफ सिंगल विंडो सिस्टम की राज्य प्राधिकृत समिति की बैठक में आठ इकाइयों को सैद्धान्तिक सहमति दी गई। इनकी स्थापना से 776.43 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश होगा। इससे 1318 लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने कहा कि उद्यमियों को सभी ज़रूरी क्लीयरेंस ऑनलाइन मिल रहे हैं। बैठक में प्रमुख सचिव एमएसएमई मनीषा पंवार, सचिव पर्यटन दिलीप जावलकर, सदस्य सचिव प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, अपर सचिव वन धीरज पांडेय, निदेशक उद्योग सुधीर नौटियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
– सुनील तलवाड़


Download Android App
Download iOS App



