नई दिल्ली : दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्षा स्वाती मालीवाल का एक ट्वीट मंगलवार को न सिर्फ जमकर वायरल हुआ, बल्कि हर बात पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए लोगों ने स्वाती मालीवाल पर हमला बोला। खुद को ट्रोल और चारों तरफ से घिरता देख स्वाती मालीवाल ने अपने ट्वीट को डिलीट कर दिया। दरअसल, मंगलवार को स्वाती मालीवाल ने आपत्तिजनक वीडियो के साथ एक ट्वीट किया था। ट्वीट में स्वाती मालीवाल ने जिस वीडियो को अटैच किया, उसमें एक बुजुर्ग व्यक्ति बच्ची से दुष्कर्म करता दिखाई देता है।
इसी पर सवाल उठाते स्वाती मालीवाल ने दिल्ली पुलिस को टैग कर मामले में तत्काल केस दर्ज करने की हिदायत दी और आरोपी को गिरफ्तार करने की अपील की। आयोग ने इस पूरी घटना पर दिल्ली पुलिस को आनन-फानन में नोटिस जारी करने का भी फरमान जारी कर दिया। लेकिन कुछ ही मिनटों बाद पता चला कि ये घटना हैदराबाद की है और पुलिस ने डेढ़ साल पहले ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। लोगों ने कहा कि पहले घटना की जांच कीजिए फिर मामले पर ट्वीट करिए। लगातार हो रहे हमले को देखते हुए स्वाती मालीवाल ने अपने ट्वीट को डिलीट कर दिया।
इस पर दिल्ली प्रदेश भाजपा प्रवक्ता हरीश खुराना ने भी स्वाती मालीवाल के ट्वीट पर हमला बोला। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा घटना हैदराबाद की, पुलिस ने एक्शन भी ले लिया और आप (स्वाती मालीवाल) इस घटना को दिल्ली का बताकर दिल्ली पुलिस को एक्शन के लिए कह रही हैं। हर बात पर राजनीति करने की आदत होगी तो ऐसी गलतियां होना जायज है और आखिरी में लिखा ट्वीट तो डिलीट कर दिया माफी भी मांग लो दिल्ली से।


Download Android App
Download iOS App



