नई दिल्ली : दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी) की ब्लू लाइन पर दोपहर दो बजे के आसपास आरके आश्रम मेट्रो स्टेशन पर ऐसा नजारा देखने को मिला जब मेट्रो यात्रियों की सांसें थम गई। डीएमआरसी की व्यस्त लाइनों में से एक ब्लू लाइन पर राजीव चौक की ओर से आ रही मेट्रो रुक गई और करीब 16 मिनट तक मेट्रो के गेट नहीं खुले। शुरुआत में तो लोगों को यह आम समस्या लगी लेकिन जब समय बढ़ता गया तो उन्हें बेचैनी होने लगी। इस दौरान ट्रेन के अंदर गर्मी बढ़ने लगी और लोगों को कुछ घुटन का एहसास होने लगा। दो बजकर तीन मिनट से लेकर दो बजकर 19 मिनट तक मेट्रो के गेट बंद रहे।
इस बीच मेट्रो के अंदर उद्घोषणा होती रही कि तकनीकी खराबी के चलते मेट्रो सेवा बाधित है लेकिन बंद गेटों को लेकर उद्घोषणा में कोई जिक्र नहीं किया गया। इसके बाद ऑपरेटर और स्टाफ ने ट्रेन संख्या 7418 के अगले कोच का एक गेट खोलकर यात्रियों को बाहर निकाला। इस दौरान वैशाली और नोएडा की ओर इस लाइन पर आने वाली अन्य ट्रेन भी उसके पीछे रुक गई। इससे पीछे के स्टेशनों पर भीड़ गई। लेकिन आरके आश्रम मेट्रो स्टेशन पर भीड़ का नजारा कुछ ओर ही था।
इसके चलते एक से डेढ़ घंटे तक मेट्रो परिचालन प्रभावित रहा। दिलशाद गार्डन की रहने वाली सौंदर्य ने बताया कि उनको दिलशाद गार्डन से जनकपुरी जाना था। जब ट्रेन आरके आश्रम पर रुकी तो उन्हें यह सामान्य लगा। लेकिन जब देर तक गेट नहीं खुले तो उन्हें अजीब लगा। समय बढ़ने के साथ-साथ उन्हें बेचैनी होने लगी। लेकिन मेट्रो के अंदर इसकी कोई जानकारी नहीं मिली। डीएमआरसी के अनुसार इस लाइन की विद्युत प्रणाली में खराबी की वजह से लोगों को इस समस्या का सामना करना पड़ा।
दरअसल ओवरहेड इलेक्ट्रिक प्रणाली (ओएचई) में आई खराबी की वजह से मेट्रो परिचालन बाधित रहा। द्वारका की ओर जाने वाली लाइन पर करोल बाग और रामकृष्ण आश्रम मार्ग स्टेशन के बीच ओवरहेड इलेक्ट्रिक प्रणाली में खराबी आ गई जिससे इस रूट पर ट्रेनों को तीन लूप में चलाया गया। ट्रेनों की धीमी गति से चलने के कारण यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे राजीव चौक और मंडी हाउस जैसे भीड़-भाड़ वाले स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ इकट्ठा हो गया। मेट्रो स्टेशन के अंदर भीड़ इतनी बढ़ गई थी कि पैर रखने तक की जगह नहीं बची थी।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



