प्राचीन व आधुनिक शिक्षा का केंद्र है ‘आचार्यकुलम्’

Summary :

पुरातन भारतीय संस्कृति तथा आधुनिक शिक्षा के समन्वय स्तम्भ आचार्यकुलम् का वार्षिकोत्सव पतंजलि योगपीठ के श्रद्धालयम हॉल में सोल्लास सम्पन्न हुआ।

हरिद्वार : पुरातन भारतीय संस्कृति तथा आधुनिक शिक्षा के समन्वय स्तम्भ ‘आचार्यकुलम्’ का वार्षिकोत्सव पतंजलि योगपीठ के श्रद्धालयम हॉल में सोल्लास सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि भारत प्राचीन समय से ही पूरे विश्व में शिक्षा की राजधानी रहा है, इस गौरवशाली अतीत का हमें अभिमान है। भारत की ज्ञान परम्परा और आधुनिक शिक्षा का अनुपम मिलन आचार्यकुलम् में देखने को मिलता है। आचार्यकुलम में पुरातन भारतीय संस्कृति एवं आधुनिक शिक्षा का समन्वय बड़ी कुशलता के साथ किया गया है।

शिक्षा का उद्देश्य मात्र परीक्षा उत्तीर्ण कर डिग्री प्राप्त करना नहीं अपितु अच्छा मनुष्य निर्माण करना, अच्छा नागरिक बनाना है, जो आचार्यकुलम् के माध्यम से किया जा रहा है। जावड़ेकर ने कहा कि स्कूली शिक्षा अच्छी होगी तभी देश की उन्नति का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि पूज्य स्वामी जी महाराज तथा श्रद्धेय आचार्य जी की दृष्टि पूर्ण वैज्ञानिक है। किसी प्रतिष्ठान की सबसे महत्त्वपूर्ण कड़ी उसका प्रबन्ध कौशल है। स्वामी रामदेव महाराज व आचार्य बालकृष्ण महाराज के दिशा निर्देशन में पतंजलि का प्रबंधन व्यवस्थित, और सुसंगत है। आचार्यकुलम् उसी कुशल प्रबंधन की एक कड़ी है।

इससे पूर्व आचार्यकुलम् के निदेशक एल.आर. सैनी ने गत वर्ष में जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर आचार्यकुलम् के छात्र-छात्रओं की योग, खेल प्रतियोगिताओं, शिक्षा व सांस्कृतिक कार्यक्रम में विविध उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। इस अवसर पर सी.बी.एस.ई. की हाईस्कूल परीक्षा में आचार्यकुलम् की ओर से शीर्ष रैंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया। आचार्यकुलम् की प्राचार्या श्रीमती वंदना मेहता तथा बहन जाहनवी के दिशा निर्देशन में आचार्यकुलम् के छात्र-छात्राओें ने महर्षि दयानन्द के जीवन पर आधारित एक नाट्य प्रस्तुति ‘वेदों की ओर लौट चलो’ प्रस्तुत की। साथ ही योगाडांस के माध्यम से योग की विविध क्रियाएं तथा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये।

– संजय चौहान

Desk Team