Tihar Jail : दिल्ली सरकार के वन महोत्सव के तहत केंद्रीय विद्यालय, टैगोर गार्डन में पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के सैकड़ों पौधे रोपे गए और विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तिहाड़ जेल के सहायक अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि जेल परिसर में जामुन की गुठलियों से तैयार किए गए 35 पौधों का विद्यालय में निःशुल्क रोपण किया गया है।
उन्होंने बताया कि हर वर्ष वर्षा ऋतु में तिहाड़ जेल में फलदार वृक्षों की गुठलियां बोई जाती हैं और अगले वर्ष तैयार पौधों को स्कूलों, पार्कों व सार्वजनिक स्थलों पर निःशुल्क लगाया जाता है। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी दिलाया।
“पर्यावरण संरक्षण स्वस्थ जीवन का आधार”
कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब नॉर्थ वेस्ट की ओर से ऑक्सीजन, फलदार व पुष्पीय प्रजातियों के 100 पौधों का निःशुल्क वितरण एवं रोपण किया गया, वहीं हेल्थ इंस्टीट्यूट ऑफ न्यू दिल्ली की संस्थापक सुखमीत कौर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण स्वस्थ जीवन का आधार है, इसलिए अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी देखभाल करना जरूरी है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संजय ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से पौधों की नियमित देखभाल करने का आग्रह किया। कार्यक्रम में मिन्नी गोसाईं, रुचिका आहूजा, व्योमा, नीलम, हरीश, बी.के. पांडे और सोनू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।
यह भी पढ़ें : दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन चुनाव के दौरान प्रिंटेड सामग्री पर रहेगी पूरी तरह से रोक


Download Android App
Download iOS App




