तिवारी ने किया सबोली हॉल्ट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन

Summary :

शाहदरा-शामली-सहारनपुर सेक्शन पर स्थित गोकलपुर सबोली हॉल्ट स्टेशन, मीत नगर का सोमवार को लोकसभा सांसद मनोज तिवारी द्वारा उद्घाटन किया गया।

पूर्वी दिल्ली : उत्तर रेलवे के दिल्ली शाहदरा-शामली-सहारनपुर सेक्शन पर स्थित गोकलपुर सबोली हॉल्ट स्टेशन, मीत नगर का सोमवार को लोकसभा सांसद मनोज तिवारी द्वारा उद्घाटन किया गया। इस दौरान तिवारी ने स्टेशन से पहली ट्रेन 51910 सहारनपुर-दिल्ली जंक्शन पैसेंजर को हरी झंडी दिखाई।

रेलवे की माने तो इस हॉल्ट स्टेशन की शुरुआत से इस सेक्शन से दिल्ली की ओर आने-जाने वाले दैनिक यात्रियों को सहूलियत मिलेगी। इससे मीत नगर, अशोक नगर, सबोली, मंडोली, नंद नगरी और नत्थु कॉलोनी और आसपास के लगभग 2.25 लाख लोगों को लाभ पहुंचेगा।

इस मौके पर पूर्वी दिल्ली नगर निगम मेयर, विपिन बिहारी सिंह और उत्तर रेलवे के दिल्ली रेल मंडल के रेल प्रबंधक, आरएन सिंह और अन्य रेल अधिकारी उपस्थित रहे।

कांग्रेसियों ने तिवारी को दिखाए काले झंडे
उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद एवं दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष मनोज तिवारी को आज अपने ही निर्वाचन क्षेत्र के तहत उस वक्त भारी विरोध का सामना करना पड़ा जब वह गोकलपुर, सबोली, मीत नगर रेलवे हाल्ट का उद्घाटन करने पहुंच। कार्यक्रम स्थल के आसपास भारी पुलिस बल तैनात था।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य मुदित अग्रवाल के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल पर मनोज तिवारी एवं उनके काफिले को काले झंडे दिखाए और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी मनोज तिवारी वापस जाओ, मनोज तिवारी मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए मुदित अग्रवाल ने कहा इस हाल्ट की मंजूरी तत्कालीन सांसद जेपी अग्रवाल ने अपने संसदीय कार्यकाल के दौरान दिलाई थी और फंड का इंतजाम कराया था।

उन्होंने ही इसका शिलान्यास किया था लेकिन गुमशुदा सांसद मनोज तिवारी की लापरवाही के चलते इसका काम तय समय पर शुरू नहीं हो पाया। मुदित ने आरोप लगाया कि अभी भी वहां पर ठीक इंतजाम नहीं हुए हैं। लेकिन चुनाव आचार संहिता न लागू हो जाए, इस डर से आनन-फानन में आधे-अधूरे हॉल्ट का उद्घाटन कर दिया। इस मौके पर पूर्व विधायक वीर सिंह धींगान के साथ-साथ तमाम पार्षद व पूर्व पार्षद यहां मौजूद थे।

Desk Team