भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष ने चंडीगढ़ से आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने के वास्ते कांग्रेस का टिकट मांगने पर पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू पर सोमवार को निशाना साधा और उन्हें ‘प्रवासी पक्षी’ करार दिया।
पंजाब भाजपा के अध्यक्ष श्वेत मलिक ने कहा, ”वह अमृतसर से विधायक रहीं और उनके पति फिलहाल वहां से विधायक हैं। उनके पति (नवजोत सिंह सिद्धू) ने अमृतसर से लोकसभा चुनाव लड़ा था। अब वह क्यों अमृतसर से भागकर चंड़ीगढ़ पहुंच गयीं?”
उन्होंने कहा, ”ये लोग पूरी तरह विफल रहे हैं। नवजोत सिंह सिद्धू एक विफल सांसद थे और अब (कांग्रेस सरकार में) विफल मंत्री। अब उनके राजनीतिक करियर पर काला बादल छा गया है। मैं उन्हें (नवजोत कौर सिद्धू को) प्रवासी पक्षी कहता हूं जो अब नये गंतव्य की तलाश में हैं।”
नवजोत कौर सिद्धू ने केंद्रशासित प्रदेश चंडीगढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस टिकट का दावा किया है। अमृतसर (पूर्व) की विधायक और मुख्य संसदीय सचिव रह चुकीं नवजोत कौर सिद्धू ने पिछले हफ्ते चंडीगढ़ स्थानीय कांग्रेस को आवेदन दिया। पूर्व रेल मंत्री पवन कुमार बंसल और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने भी चंडीगढ़ से कांग्रेस का टिकट पाने की जुगत में हैं।


Download Android App
Download iOS App




