दक्षिणी दिल्ली : गोविंदपुरी इलाके में शनिवार दोपहर स्कूल से घर लौट रही दो सगी बहनों को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बहनों को तुरंत नजदीकी अस्प्ताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने छोटी बहन को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान संध्या (8) के रूप में हुई है, उसकी बड़ी बहन कामनी (13) का इलाज जारी है।
हादसे के बाद ट्रक चालक दोनों बच्चियों के साथ अस्पताल भी गया था। मगर मौका पाते ही फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। गोविंद पुरी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक जसबीर परिवार समेत तुगलकाबाद इलाके में रहता है। वह लाडो सराय में प्राइवेट जॉब करता है।
उनकी दो बेटियां सांध्या और कामनी देवली स्थित एक सरकारी स्कूल में पढ़ती हैं। दोनों स्कूल से छुट्टी होने के बाद ग्रामीण सेवा ऑटो से तारा अपार्टमेंट के नजदीक उतरीं। दोनों घर की ओर आने के लिए दोपहर करीब पौने दो बजे सड़क पार कर रही थीं। तभी तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों बहनों को जोरदार टक्कर मार दीं। हादसे में सांध्या की मौत हो गई, जबकि कामनी का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस के मुताबिक संध्या दूसरी कक्षा में पढ़ती थी। जबकि कामनी आठवीं कक्षा में पढ़ती है।


Download Android App
Download iOS App



