‘अभिभावकों में नई पहलों के बारे में जागरूक करने की कोशिश’

Summary :

इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से उनके बच्चों पर हैप्पीनेस करिकुलम के प्रभाव के बारे में बातचीत की। सिसोदिया ने कहा कि आज की पीटीएम विशेष है।

नई दिल्ली : शिक्षकों और अभिभावकों के बीच सामंजस्य बढ़ाने और उन्हें बच्चों के शैक्षणिक प्रदर्शन से अवगत कराने के उद्देश्य से शिक्षा निदेशालय के आदेशानुसार दिल्ली के सभी सरकारी स्कूलों में शुक्रवार को मेगा पेरेंट्स टीचर मीटिंग (पीटीएम) का आयोजन किया गया। कुछ स्कूलों में काफी संख्या में अभिभावक शिक्षकों से अपने बच्चों की शिक्षा में उन्नति के बारे में चर्चा करने पहुंचे। 
उप मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया भी मंडावली स्थित वीर उद्यम सिंह सर्वोदय कन्या विद्यालय, सर्वोदय कन्या विद्यालय नंबर-2 और नंबर-3 और राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय, सिविल लाइंस में पीटीएम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से उनके बच्चों पर हैप्पीनेस करिकुलम के प्रभाव के बारे में बातचीत की। सिसोदिया ने कहा कि आज की पीटीएम विशेष है, क्योंकि यह विशेष रूप से माता-पिता को अपने बच्चों के स्कूल में की जा रही नई पहलों के बारे में जागरूक करने के लिए आयोजित की गई है। 
अभिभावक शक्ति राणा ने बताया कि लगभग पांच साल पहले जब शिक्षक उन्हें स्कूल बुलाते थे तो वह बहुत डरते थे। उन्हें लगता था कि जरूर उनकी बेटी ने कुछ गलत किया होगा और उन्हें उसकी शिकायत करने के लिए बुलाया जा रहा है, लेकिन अब पीटीएम में शिक्षकों से बात करने और बच्चों की प्रगति के बारे में पता चलता है। कुछ अभिभावकों ने हर माह पीटीएम का आयोजन करने का सुझाव दिया।

Desk Team