नई दिल्ली : करोल बाग में एक कूरियर ब्वॉय को बातों में उलझाकर लाखों रुपए के फोन और स्मार्ट वॉच से भरा पार्सल चुराने वाले दो और अफगानी नागरिकों को करोल बाग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफगानिस्तान निवासी जहब जिब लघमानी (28) और जबीह उल्ला (33) के रूप में की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के चार फोन बरामद किए हैं।
डीसीपी सेंट्रल एमएस रंधावा ने बताया कि मंगलवार की रात को तीन अफगानी नागरिकों ने रुस्तम नाम के एक कूरियर ब्वॉय को अपनी बातों में उलझाकर लाखों रुपए के महंगे फोन और वॉच से भरे एक पार्सल उड़ा लिया था। तभी सतर्क करोल बाग पुलिस ने आरोपी अय्यूब खान को दबोच लिया। मगर पार्सल लेकर जहब और जबीह फरार हो गए। तुरंत करोल बाग थाने में इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर एसीपी ओपी लेखवाल और एसएचओ करोल बाग मनिंदर सिंह के नेतृत्व में एसआई भूरा सिंह, कॉन्स्टेबल, मोनू, दिलशाद, साजन, पंकज आदि की टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने टेक्निकल सर्विलांस और ग्राउंड लेवल पर काम करते हुए आरोपी जहब और जबीह उल्लाह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को इनके पास से चार मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। बाकी फोन की रिकवरी के लिए पुलिस लाजपत नगर व अन्य इलाकों में जांच में जुटी है। पुलिस ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ करोल बाग इलाके में हुई चोरी के तीन मामलों को सुलझा लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की जांच कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



