केंद्रीय मंत्री ने ‘गलती सुधारने के लिए’ केजरीवाल को दिया धन्यवाद, कहा- उनकी चुप्पी से शंका का हुआ जन्म

Summary :

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री प्रहलाद पटेल ने शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उनसे हुई ‘‘गलती सुधारने’’ के लिए धन्यवाद दिया।

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री प्रहलाद पटेल ने शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उनसे हुई ‘‘गलती सुधारने’’ के लिए धन्यवाद दिया। इससे पहले पटेल ने टेलीविजन पर प्रसारित संवाददाता सम्मेलन के दौरान तिरंगे को ‘सजावटी’ वस्तु के तौर पर इस्तेमाल करने का केजरीवाल पर आरोप लगाया था।
पटेल ने पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि संवाददाता सम्मेलन के दौरान उनके पीछे दिख रहा राष्ट्रीय झंडा, ध्वज नियमों का उल्लंघन है। मंत्री ने शनिवार को पाया कि जब केजरीवाल संवाददाता सम्मेलन कर रहे थे तो उनके पिछले दिख रहा झंडा बदल गया है।

पटेल ने ट्वीट किया, ‘‘व्यक्ति अगर भूलवश गलती करता है,तो गलती स्वीकारता है फिर उसे सुधारता है। अरविंद केजरीवाल जी ने अगर अपनी गलती मानकर माफी मांगी होती तो उनका बड़प्पन होता?! लेकिन उनकी चुप्पी ने शंका को जन्म दिया। आपने अपनी गलती भले स्वीकार न की हो पर सुधार किया! धन्यवाद आपका।’’ केंद्रीय मंत्री ने अपने ट्वीट में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री कार्यालय को भी टैग किया है तथा इसके साथ ही केजरीवाल के संवाददाता सम्मेलन की पहले और अब की तस्वीर साझा की है।

Desk Team