पश्चिमी दिल्ली : बाहरी उत्तरी जिले के शाहबाद डेयरी इलाके में शनिवार रात सब्जी विक्रेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। वहीं पीड़ित परिवार वालों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान संदीप (24) के रूप में हुई है। संदीप अपने माता-पिता और तीन भाइयों के साथ ए-ब्लॉक शाहबाद डेयरी में रहता था। वह मूलत: बुलंदशहर उत्तर प्रदेश का रहने वाला था।
वह शाहबाद डेयरी में रेहड़ी पर सब्जी बेचने का कारोबार करता था। पुलिस के अनुसार, बीती रात पीसीआर को इलाके में एक युवक को गोली मारने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंचती इसके पहले संदीप को बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में दाखिल कराया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। डाक्टर के मुताबिक, संदीप के पीठ में गोली लगी थी।
संदीप के भाई मुकेश ने बताया कि संदीप को इलाके में रहने वाले एक संदीप कुमार नामक युवक ने अपने साथियों के साथ लूटपाट का विरोध करने पर गोली मारी है। जोकि रात को इलाके में ही घूम रहा था। मुकेश ने बताया कि रात को संदीप अपने घर पर ही था। उस समय किसी का फोन आया। वह घर पर कहकर चला गया था। संदीप के पास मोबाइल फोन और करीब चार लाख रुपये थे। संदीप कुछ समय पहले ही इलाके में मकान खरीदने के लिए गांव से रुपये लाया था।


Download Android App
Download iOS App



